खेत मे धान का रोपा लगाता मिला कोरोना संक्रमित

रामनगर । जिले के रामनगर तहसील क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के 2 नए मामले गुरुवार की दोपहर सामने आए हैं। रामनगर के कोल्डिहा गांव के दो लोग पहले ही कोरोना पीड़ित पाए जा चुके हैं ,अब दो नए पॉजिटिव केस इसी गांव में होने की पुष्टि हुई है। दोनो कोरोना संक्रमितों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है। इन दो नए केस के साथ रामनगर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7 और एक्टिव केसों की संख्या 4 हो गई है। बड़ी बात ये है कि चारो एक्टिव केस एक ही गांव में हैं। जानकारी के अनुसार रामनगर तहसील के कोल्डिहा गांव में रहने वाले दो पुरुषों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि गुरुवार की सुबह आई जांच रिपोर्ट में हुई है। दोनो ही गोंड समुदाय के अलग – अलग परिवारों से हैं । इनमे से एक मरीज 5 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला की कांटेक्ट लिस्ट का हिस्सा है जबकि दूसरे की ट्रेवल हिस्ट्री तेलंगाना से जुड़ी है। तेलंगाना से लौटे कोरोना पेशेंट को लेने जब हेल्थ विभाग की टीम पहुंची तो वह खेत मे धान का रोपा लगाता मिला।
कंटेन्मेंट एरिया के अंदर है घर
पांच दिन पहले कोरोना संक्रमित पाई गई महिला की कांटेक्ट लिस्ट का हिस्सा माना जा रहा कोल्डिहा का नया कोरोना पेशेंट कंटेन्मेंट एरिया के अंदर ही रहता है। उसका घर ठीक उस स्थान पर है जहां बैरिकेट लगे हुए हैं। बताया जाता है कि यह शख्स कहीं किसी के घर आता जाता नही था। लेकिन पिछले दिनों पॉजिटिव पाई गई महिला के पति से इसके अच्छे संपर्क हैं लिहाजा जब वह इसके घर पर जरूर आता और काफी देर तक बैठता था। महिला आइसोलेशन में है और उसके पति को भी क्वारन्टीन सेंटर में रखा गया है। अब इस नए पेशेंट को भी आइसोलेट किया गया है।
खेत मे रोपा लगाते मिला तेलंगाना से लौटा शख्स
कोल्डिहा गांव में गुरुवार को मिले एक और कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री तेलंगाना से जुड़ी हुई है। वह वहां इंदुल गांव में खदान में काम करता था। तेलंगाना से घर वापसी के लिए वह 1 जुलाई को चला । ट्रक से उसने चंद्रपुर ,नागपुर तक का सफर तय किया और फिर बस से 3 जुलाई को अमरपाटन पहुंचा। अमरपाटन से रामनगर और फिर वहां से कोल्डिहा तक का सफर उसने ऑटो से तय किया। किल कोरोना अभियान के तहत अब जब उसकी सेम्पलिंग हुई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गुरुवार को जब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम उसे तलाशते हुए कोल्डिहा पहुंची तो वह अपने खेत मे रोपा लगाता मिला। उसे आइसोलेशन में भेज दिया गया है।



