रीवा में कोरोना ने ली डाक्टर की जान

जबलपुर दर्पण सतना ब्यूरो
कोरोना वायरस ने सतना में 15 वीं जिंदगी निगल ली है। सतना जिले में कोरोना संक्रमण से पहले डॉक्टर की मौत हो गई है। निजी क्लिनिक चलाने वाले सतना शहर के डॉक्टर ने रीवा में दम तोड़ दिया है। सुबह ही उनकी और उनके क्लिनिक की महिला कंपाउंडर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
टिकुरिया टोला में घर, भैंसाखाना मे दवाखाना, सुबह ही आई थी पॉजिटिव रिपोर्ट
हासिल जानकारी के मुताबिक शहर के टिकुरिया टोला गली नंबर 3 में रहने वाले 68 वर्षीय डॉक्टर गौतम की शुक्रवार रात लगभग साढ़े 10 बजे रीवा मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टर की कोरोना रिपोर्ट सुबह ही पॉजिटिव आई थी। बताया जाता है कि डॉक्टर की तबियत पिछले काफी समय से खराब थी ,वे पुरानी बीमारियों से भी ग्रस्त थे। उनका शहर के भैंसाखाना में निजी दवाखाना है। उनका एक बेटा भी डॉक्टर है।उनके यहां काम करने वाली महिला कंपाउंडर भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। क्षेत्र में लोगों के बीच अपनी सहजता, मृदुभाषिता तथा सरल व्यवहार के कारण बेहद लोकप्रिय रहे डॉक्टर के निधन की खबर से लोगों में गम का माहौल है। बताया जाता है कि 4 जुलाई को उन्हें जिला अस्पताल सतना से रीवा रेफर किया गया था जहां मौत हो गई।
पहले डॉक्टर की हुई मौत, जिले में अब तक जा चुकीं 15 जिंदगियां
शुक्रवार को देर रात हुई कोरोना से मौत जिले में चिकित्सकीय पेशे से जुड़े किसी भी डॉक्टर की पहली मौत है। इस मौत के बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 15 हो गई है। सुबह आई रिपोर्ट में शामिल दो लोग रिपोर्ट आने के पहले मौत का शिकार हो चुके थे। गुरुवार को भी दो मौतों की पुष्टि हुई थी।



