भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के लिए प्राण न्यौछावर कर दिए

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। भारत सरकार के केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अंग्रेज़ सरकार से संघर्ष करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर किए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारत माता के सच्चे सपूत है, पूरा देश उनके बलिदान को सदैव स्मरण करेगा। केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते बिरसा मुण्डा स्मारक स्थल नगर पंचायत डिंडौरी में बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में 10 लाख की लागत से बिरसा मुण्डा स्थल में भूमि समतलीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, एसडीएम डिंडौरी बलवीर रमण सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि जननायक बिरसा मुंडा की वीरगाथाओं को जन-जन तक पहुचाने के लिए उनके जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ियां बिरसा मुंडा की वीरगाथाओं को याद करें।केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर राष्ट्रपति महामहिम द्रोपती मुर्मू द्वारा शहडोल जिले में विशाल कार्यक्रम संपन्न हुआ है। आज हम बिरसा मुण्डा जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मना रहे हैं। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि बिरसा मुण्डा जयंती के अवसर पर पेसा कानून लागू होने से जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के कार्य होंगे। पेसा कानून जनजाति वर्ग को जल जंगल और जमीन पर आधिकार दिलाएगा। केन्द्रीय राज्मयंत्री श्री कुलस्ते ने बिरसा मुण्डा स्थल की देखरेख और सुरक्षा के लिए ट्रस्ट का निर्माण करने के निर्देश दिए। जिससे बिरसा मुण्डा स्थल की जमीन का नामांतरण हो सके। उन्होंने बिरसा मुण्डा स्थल की भूमि को चिन्हित कर बाउंड्रीवाॅल का निर्माण करने के निर्देश दिए। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने बिरसा मुण्डा स्थल का सौंदर्यीकरण करने तथा स्थल की नियमित रूप से साफ-सफाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुण्डा स्थल में एक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। जिससे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए समाज के लोग उक्त भवन का उपयोग कर सकें।



