एसडीएम शहपुरा पर पटवारियों ने लगाए, मानसिक प्रताड़ना के आरोप

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत शहपुरा तहसील के पटवारी ने एसडीएम काजल जावला पर मानसिक प्रता़ड़़ना के आरोप लगाएं हैं।कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौपते हुए पटवारियों ने अनिश्चित काल हड़ताल पर चले गए है। बताया गया कि म.प्र.पटवारी संघ शहपुरा के पटवारियों ने कल शिव टेकरी शहपुरा में मीटिंग करके चर्चा किए जिसमें पटवारियों समस्याएं सामने रखी। बताया गया कि वर्तमान समय में शासन की विभिन्न योजनांतर्गत शिविर, पखवाड़ा एवं अन्य राजस्व कार्य संचालित हैं। तहसील शहपुरा के पटवारी उक्त सभी कार्यों में सहभागिता कर पूर्ण मनोयोग से सतत् अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, उसके बावजूद इस दौरान आने वाली समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराने पर सदैव कोरा आश्वासन और निराशा हाथ लगी है। सप्ताहांत एवं अन्य शासकीय अवकाश तथा प्रतिदिन रात्रि में कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करने हेतु लगातार बाध्य किया जाता है। यहाँ तक कि शासन की विभिन्न योजनाओं और हाल ही में सम्पन्न हुए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दौरान भी वेतनवृद्धि रोकने का भय दिखाकर दिवाली महापर्व पर भी तहसील कार्यालय में रात्री में पटवारियों से कार्य कराया गया है। समीक्षा बैठक एवं अन्य विभागों के कर्मचारियों / अधिकारियों के साथ बैठक दौरान व वॉट्सएप ग्रुप पर पटवारियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर अशोभनीय आचरण किया जाता है। इस प्रकार के अद्भुत प्रबंधन में पटवारी न तो अपने परिवार के लिए समय निकाल पा रहा है और न ही स्वयं के लिए। इसका परिणाम भी विगत कुछ दिनों से पटवारियों और उनके परिवार के स्वास्थ्य पर दिखाई पड़ रहा है। उल्लेखित विषय में पूर्व में कई बार पटवारियों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी महोदया को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन सकारात्मक निराकरण आज तक नहीं किया गया। ज्ञापन के दौरान पटवारी संघ के तहसील अध्यक्ष पप्पू पटेल, उपाध्यक्ष अमित तिवारी, सोहन श्याम, तहसील सचिव प्रेमशंकर बर्मन, पटवारी मीनू सिंह सहित शहपुरा एवं मेहंदवानी के समस्त पटवारी मौजूद रहे।



