वाहवाही लूटने खरीदी गई एम्बुलेंस, अब वाहन की मरम्मत के लिए नहीं है पैसे

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला अस्पताल प्रांगण में पिछले काफी समय से विधायक निधि से प्रदाय की गई एक एंबुलेंस वाहन खड़ी हुई है, जो देखरेख व मरम्मत के अभाव में दिनोंदिन वाहन कबाड़ होती जा रही है। गौरतलब है कि पिछले वर्षों में विधायक निधि से लाखों रुपए खर्च करके वाहन खरीदा गया था, वाहवाही लूटने फोटो, वीडियो भी बनवाए गए थे। अब हालात यह है कि वाहन की मरम्मत के लिए न तो शासन-प्रशासन के पास पैसे हैं और न ही विधायक के पास महज कुछ हजार रुपए है, इसलिए तो एंबुलेंस वाहन पिछले काफी समय से प्रांगण में खड़ा कबाड़ हो रहा है। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों की मानें तो पर्याप्त मात्रा में एंबुलेंस वाहन उपलब्ध ना होने से घंटो तक वाहन के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता है, जबकि इमरजेंसी जैसे हालातों में मरीजों को जान भी गंवानी पड़ती है। बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 103 शाहपुरा के विधायक भूपेंद्र मरावी के द्वारा विधायक निधि से लाखों रुपए खर्च करके वाहन को खरीदा गया था, ताकि एंबुलेंस वाहनों में और इजाफा किया जा सके। कबाड़ में तब्दील हो रही वाहन की मरम्मत कराने कोई पहल नहीं की जा रही, जिससे पर्याप्त मात्रा में सुविधाओं का लाभ जिले के लोगों को नहीं मिल पा रहा।



