मप्र के 12 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों में आयोजित होंगे शक्ति सम्मेलन :प्रहलाद सिंह पटेल

जबलपुर दर्पण। विश्व की सबसे बड़ी लोकतान्त्रिक पार्टी भाजपा शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश में फिर इस बार भाजपा सरकार के जयघोष को उद्घोषित करने के लिए नवरात्रि के अवसर पर तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है यह शक्ति सम्मलेन मप्र के 12 हजार शक्ति केंद्रों में 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर के बीच आयोजित होंगे, यह बात केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जबलपुर के संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण के संकल्प को जन जन तक पहुँचाने और हर बूथ मजबूत कर बूथ विजय के संकल्प की प्रतिज्ञा लेने के लिए इस महाउत्सव में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी स्तर का कार्यकर्ता शामिल होगा और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूत स्थिति में खड़ी भाजपा चुनावी तैयारियों और रणनीति के अंतिम चरण में बूथ और पन्ना स्तर विजय की हुंकार भरने के लिए इस शक्ति सम्मलेन का आयोजन कर रही है।
उन्होंने बताया 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रदेश के सभी मंडलों में शक्ति सम्मेलन की शुरूआत होगी। शक्ति केंद्र सम्मेलनों के बाद शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाली बूथ समितियों और बूथ की पन्ना समितियों की बैठक कर बूथ विजय प्रतिज्ञा ली जाएगी। इन शक्ति सम्मेलन में कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास की प्रतिज्ञा लेंगे। 20 साल में हुए मध्य प्रदेश के विकास को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिज्ञा लेंगे।
उन्होंने कहा हम सभी मिलकर सतत गरीब कल्याण के लिए,लाड़ली बहनों , बेटियों के सम्मान, अधिकार और स्वावलंबी, सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिज्ञा लेंगे। हम आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत हेतु स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने की सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबके प्रयास की, भारत को भ्रष्टाचारए तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिज्ञा लेंगे।
उन्होंने बताया हमारे कार्यकर्ता मध्यप्रदेश को करप्शननाथ, बंटाधार, सनातन और देश विरोधियों से बचाने के लिए और हर बूथ पर विजय की और फिर इस बार भाजपा सरकार के लिए प्रतिज्ञा लेंगे।पत्रकारवार्ता में जिला अध्यक्ष प्रभात साहू, प्रदेश प्रवक्ता शशिकान्त शुक्ला, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रशान्त तिवारी गोलू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष रविकिरण साहू, धीरज पटेरिया, आचार्य जोगेंद्र सिंह उपस्थित थे।



