सर्वाधिक वनक्षेत्र वाला डिंडौरी जिले में विकास कार्यों की अपार संभावनाएं : कुलस्ते

डिंडौरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण पर पूर्ण नियंत्रण पाने के लिए टीकाकरण जरूरी है, कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन भी अनिवार्य है। जिले के बाहर से आने वाले व्यक्तियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करें, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए ऑक्सीजन प्लांट संचालन की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के सुचारू संचालन हेतु अनुभवी और योग्य अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक भी ली। बैठक में कलेक्टर रत्नाकर झा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, अपर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजू अरुण कुमार, डीएफओ सलिल गर्ग सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि डिंडौरी जिला सर्वाधिक वनक्षेत्र वाला जिला है, वन विभाग द्वारा जिले में विकास कार्य के लिए अपार संभावनाएं है। उन्होंने वन विभाग द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यक्रमों से वनांचल के लोगों को लगातार लाभांवित करने को कहा है, उन्होंने वनग्रामों में विशेष रूप से आवागमन एवं संचार की सुविधा का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वन विभाग द्वारा जिले में किये गए विकास कार्यां की समीक्षा करते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण एवं तेंदूपत्ता की राशि भुगतान के बारे में जानकारी देते हुए वनमण्डल द्वारा वर्ष 2021-22 में किये गए वृक्षारोपण की समीक्षा भी की। आयोजित बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वनग्रामों में टीकाकरण एवं पेयजल सुविधा, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं मनरेगा के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी जरूरी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।



