दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा मुन्नी बाई धर्मशाला का घाट
मंडला। मंडन मिश्र के नगरी मंडला के नर्मदा तटों पर बने नए व पुराने घाटों की हालत अत्यंत ही खस्ता हो चुकी है। खासकर मुन्नीबाई धर्मशाला का घाट तो बेहद खतरनाक हो गया है। यह घाट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है जो कभी भी नर्मदा में समाहित हो सकता है जिससे कभी भी भारी दुर्घटना घटित हो सकती है। इस तरह के कई घाट मंडला नगर में जर्जर हो चुके हैं, जिन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है। मुन्नी बाई धर्मशाला के घाट में कई तरह के आयोजन होते हैं। पर्वों के दौरान यहां पर भारी भीड़ उमड़ती है इसके बावजूद भी दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे इस घाट की मरम्मत क्यों नहीं की जा रही है ? पता नही किन कारणों से इस घाट को सुधारा नहीं जा रहा है। गंदे नालों का पानी आज भी नर्मदा में समाहित हो रहा है जिसे रोकने के लिए कोई भी प्रयास नहीं किये जा रहे हैं। कुल मिलाकर नर्मदा के विकास कार्य में कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जनापेक्षा है सभी जवाबदार जागें और नर्मदा तटों के घाटों की मरम्मत करावें।



