अनुपयोगी साबित हो रहे गांवों में बने लाखों के सामुदायिक स्वच्छता शौचालय

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिलेभर में लाखों करोड़ों रुपए खर्च करके ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक स्वच्छता शौचालयों का निर्माण कार्य कराया गया है। गौरतलब है कि ऊपरी रंग रोंगन कर भवनों का निर्माण कार्य करके शौचालयों में ताला लगा दिया गया है, जिससे लाखों की लागत से बनी शौचालय अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। अधिकतर गांवों में पंचायत के जिम्मेदार कर्मियों द्वारा सामुदायिक स्वच्छता परिसरों में ताला लगा दिया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीण व अन्य मुसाफिर शौचालयों का उपयोग नहीं कर पा रहे। जानकारी में बताया गया कि पिछले वर्षों में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का निर्माण कार्य करवाया गया था। गौरतलब है कि जिले भर में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कलेक्टर निधि शौचालयों का निर्माण कार्य किया गया था, लेकिन पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा शासन की योजना पर अमल नहीं किया जा रहा। आरोप है कि जिले के जनपद समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकुटपूर, जाता डोंगरी, डूंगरिया, सल्हेघोरी सहित अन्य गांवों में बने समुदायिक स्वच्छता शौचालयों में ताले लटके हुए नजर आ रहे हैं।



