सात माह से माता रानी के चित्र से निकल रही भभूति

कटनी से एस.एन.तिवारी
———–––-
नवरात्र पर दर्शनों को लग रही भीड़
शहर के गायत्री नगर में हो रही घटना को लोग मान रहे चमत्कार
कटनी दर्पण । शहर के गायत्री नगर में पिछले 7 माह से एक घर में माता रानी के चित्र से भभूति निकल रही है। जिसे लोग माता रानी का चमत्कार मान कर पूजन अर्चन में जुटे हैं। नवरात्र पर प्रारंभ होने के साथ ही दर्शनों को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ भी लग रही है। दूसरी ओर कुछ इस घटना को विज्ञान से जोड़कर कर भी देख रहे है। नगर के एमजीएम हॉस्पिटल के प्रशासक संजय तिवारी के गायत्री नगर स्थित निवास में यह घटना हो रही है। उनके घर में जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र के दशरमन में स्थापित माता महादेवी का चित्र पूजा घर में रखा हुआ है। तिवारी ने बताया कि चेत्र नवरात्र में कोरोना संक्रमण के चलते लगे लॉकडाउन के कारण उनका परिवार इस वर्ष माता महा देवी के दर्शन पूजन करने दशरमन गांव नहीं जा सका। उसी दौरान उनके पूजा घर में रखी माता की प्रतिमा से अचानक भभूति निकलने लगी। साथ ही माता रानी ने उन्हें स्वप्न में भी दर्शन दिए। जिसके बाद से लगातार उनके घर में पूजन अर्चन का क्रम जारी है।
सोने की नथ और आंखें भी निकली भभूत के साथ
परिजनों ने बताया कि चित्र से भभूत निकलने की घटना के कुछ दिन बाद ही 1 दिन कुछ शिला के टुकड़े व चांदी की आंख भभूत के साथ सुबह चित्र के पास निकली थी। उसके बाद सोने की नथ व अन्य सामग्री भी भभूत के साथ निकली है। घटना की जानकारी लगने के बाद लोग इसे माता रानी का चमत्कार मान रहे हैं और रोजाना पूजन अर्चन करने के साथ माता की भभूत लेकर उनसे कल्याण की कामना भी कर रहे हैं।
कुछ लोग मान रहे विज्ञान का चमत्कार पर वही एक और श्रद्धालु जहां इसे माता रानी का चमत्कार मान रहे हैं तो दूसरी और विज्ञान से जुड़े लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं वैज्ञानिक कारणों से होती हैं। मामला चाहे जो भी हो लेकिन लोगों की श्रद्धा घटना से जुड़ी हुई है।



