जनसेवा शिविर में नहीं हुआ समाधान तो कलेक्ट्रेट के चक्कर लगा रहा पीड़ित

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। एक तरफ मुख्यमंत्री जन सेवा शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं, तो वही ऐसे दर्जनों मामले हैं जिसे लेकर पीड़ित आज भी कलेक्ट्रेट के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ऐसा ही एक मामला जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भाजीटोला में सामने आया है, जहां पीड़ित को जब मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पीड़ित युवक कलेक्ट्रेट के चक्कर लगाने को मजबूर है। पीड़ित डीलसिंह पिता राजाराम राठौर की माने तो उसे पिछले वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्य कराने प्रथम किस्त ₹40000 खाते में डाली गई थी। आरोप लगाया कि गांव के रोजगार सहायक घनश्याम सिंह ने आवास निर्माण का ठेका करने के नाम पर पीड़ित से प्रथम किस्त की पूरी राशि अपने पास रख ली। वर्षों बाद भी रोजगार सहायक ना तो पीएम आवास का निर्माण कार्य करा रहा है और ना ही पीड़ित को पैसे वापस कर रहा है। वर्षों बाद भी पीड़ित का आवास बनाए जाने अभी तक कोई पहल नहीं की जा रही, जिससे पीड़ित परेशान व मानसिक तनाव में हैं।



