कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य आपूर्ति विभाग के साथ समीक्षा बैठक

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मेें खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक ली, उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों से राशन का नियमित रूप से वितरण करने को कहा, जिससे खाद्यान्न उपभोक्ताओं को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध होता रहे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने खरीफ उपार्जन के लिए चिन्हित उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए छाया, बारदाना, कांटा, पंखा एवं पेयजल का प्रबंध करने को कहा। उपार्जन केन्द्रों से उपार्जन का नियमित रूप से परिवहन तथा किसानों को उनकी उपज का भुगतान करने के निर्देश दिए। आयोजित बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी रजनी वर्मा, सहायक आयुक्त सहकारिता आर. के. उद्दे, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एम.के. त्रिपाठी, प्रतिनिधि वेयर हाउसिंग रागिनी साहू, नोडल सीसीबी जे.पी. द्विवेदी तथा समस्त कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एवं समस्त गैस एजेन्सी संचालक बैठक में मौजूद थे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 से सभी हितग्राहियों को लाभांवित किया जाए, लाभांवित हितग्राही को निःशुल्क गैस चूल्हे का वितरण किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लिए हितग्राहियों का चयन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके। कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए, जिससे प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से वंचित हितग्राही आगे आकर योजना का लाभ उठा सकें। उन्हानें सभी विभागीय अधिकारियों एवं गैस एजेंसी संचालकों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के लक्ष्य को शीघ्र ही पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।



