आयुष्मान कार्ड बनाने में कोताही बरतने वाले तीन अधिकृत सेन्टरों को किया गया शील

जबलपुर दर्पण। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉं. इलैया राजा टी, एवं निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के द्वारा शहर के सभी पात्र एवं जरूरतमंदों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ देने बड़े पैमाने पर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए शहर के विभिन्न ऑनलाइन सेन्टरों को आयुष्मान कार्ड बनाकर पात्र हितग्राहियों को प्रदान करने की व्यवस्था भी बनाई गयी है। आयुष्मान कार्ड बनाने संबंधी कार्यो की आज सुबह समीक्षा की गयी। समीक्षा में पाया गया कि संभाग क्रमांक 1 के पिसनहारी की मढ़िया स्थित सी.एस.सी. सेन्टर संचालक नरेन्द्र कोरी के द्वारा आयुष्मान कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। जिस पर आज उक्त सेन्टर को निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार शील कर दिया गया है। इसी प्रकार संभाग क्रमांक 8 राधाकृष्णन वार्ड में फकीरचंद अखाड़ा एवं सिद्ध नगर स्थित ऑनलाइन सेन्टरों के कार्यो की समीक्षा की गयी, जिसमें पाया गया कि दोनो सेन्टरों के द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्यो में घोर लापरवाही बरती जा रही है जिसके कारण पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे है, जिसके कारण दोनो सेन्टरों के संचालक प्रकाश सोनी, दीपक विश्वकर्मा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सेन्टरों को शील किया गया। इस संबंध में अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा, उपायुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं सहायक आयुक्त श्रीमती अंकिता जैन ने जानकारी दी कि आज संभागीय अधिकारी के.के. रावत, एवं देवेन्द्र कुमार चौहान के द्वारा अपनी टीम के साथ तीनों सेन्टरों को शील किया गया है। गौरतलब है कि प्रशासन के द्वारा उक्त सेन्टरों को आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्यो के लिए अधिकृत किया गया था परन्तु सेन्टर संचालकों के द्वारा कार्ड बनाने के कार्यो में लगातार घोर लापरवाही बरती जा रही थी, जिसके कारण आज सेन्टरों में तालाबंदी की कार्रवाई की गयी। कार्रवाई के समय संभागीय अधिकारी महेन्द्र पाल सिंह उईके, राजस्व निरीक्षक सौरभ बिरहा, के साथ अन्य कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।



