रूपरेखा तैयार कर निकाली आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल एवं कार्यालय मंत्री आलोक पटेल की विशेष मौजूदगी में कल मंगलवार को भारतीय किसान संघ जिला डिंडोरी के सभी विकासखंडों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री व किसान बंधुओं की मौजूदगी में प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के तत्पश्चात संघ कार्यालय रेवा कुंज से दो किलोमीटर पैदल आक्रोश रैली निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। बताया गया कि चार सूत्रीय मांगों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर डिंडोरी पहुंचे संगठन कार्यकर्ता ने बताया कि परिक्षेत्र में निर्मित समस्त नहरों के सुधार कार्य करवाने की मांग किया गया, जिससे की कृषकों के खेतों तक पानी पहुंच सके। इसी तरह किसानों के खेतों तक विद्युत लाइन बिछाई जाए, जिससे किसान खेतों में मोटर पंप लगा कर फसल की सिंचाई कर सकें। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है खरीफ एवं रबी की फसल का पंजीयन 50 से 60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर किया जाए। इसी प्रकार राजस्व के समस्त प्रकरण नामांतरण, त्रुटि सुधार व बटवारा आदि सुविधाएं मिलें। मध्य प्रदेश के ग्रामीण कृषकों के प्रकरण तहसीलों में चलते हैं, उसका निराकरण समय सीमा में करने सहित तहसील कार्यालय के सूचना पटल में चस्पा किया जाने सहित अन्य कि मांग कि गई है। मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ जिला डिंडोरी द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कार्यकारिणी के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, उपाध्यक्ष मुकेश बघेल, खमोद चंदेल, रंजीत जैतवार, जिला मंत्री अधिवक्ता निर्मल कुमार साहू, कोषाध्यक्ष विवेकानंद साहू सहित भारतीय किसान संघ जिला डिंडोरी के सातों विकास खण्डों के अमरपुर अध्यक्ष प्रहलाद यादव, समनापुर अध्यक्ष कृष्ण कुमार राजपूत, बजाग अध्यक्ष अखिलेश पटेरिया, शहपुरा अध्यक्ष पुरुषोत्तम मरावी, मेंहदवानी अध्यक्ष सुखदेव साहू व मातृशक्ति सरिता साहू, सुनीता ठाकुर, सुशीला, शशि गोयल सहित अन्य दर्जनों किसान संगठन कार्यकर्ता मौजूद रहे।



