भ्रष्टाचार की नींव से तैयार हो रहा लोगों के लिए दो मंजिला उप स्वास्थ्य केंद्र

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत खाम्हा के छिंदहा टोला में भ्रष्टाचार करके उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की नींव तैयार की जा रही है। बताया गया कि खाम्हा गांव में दो मंजिला उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य इन दिनों कराया जा रहा है, जहां जिम्मेदार ठेकेदार के द्वारा मिलीभगत करके जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। ग्रामीणों की मानें तो शासन द्वारा लोगों के इलाज की समुचित व्यवस्था बनाने लाखों रुपए खर्च करके दो मंजिला उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाया जा रहा है, जहां भवन की नींव ही भ्रष्टाचार करके रखी जा रही है, भवन टिकाऊ रहे इसकी कोई गारंटी नहीं होगी। आरोप लगाया गया कि भवन निर्माण कार्य के दौरान जिम्मेदारों द्वारा गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा, शासन के नियम निर्देशों के मुताबिक कार्य न कराकर मनमानी की जा रही है, जिससे कुछ दिनों में ही उप स्वास्थ्य केंद्र भवन जर्जर हो जाएगी। गौरतलब है कि निर्माण कार्य के दौरान प्लेंत कार्य सहित नींव की खुदाई करने में मनमानी की गई, चल रहे निर्माण कार्य की तराई भी अच्छे से नहीं कराई जा रही, जिससे नव निर्माण भवन जल्द ही जर्जर होने की आशंका बन गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने चल रहे उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की जांच कराकर कड़ी कार्यवाही करने की मांग करते हुए भवन को गुणवत्तापूर्ण बनाए जाने की मांग की गई है।



