बंटाधार अभियान को शिवराज सरकार बता रहे हैं, ‘जनकल्याण अभियान’

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला कांग्रेस कमेटी डिंडोरी के सहायता केंद्र से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति और हालात को देखकर देश का आम नागरिक परेशान है। मोदी के जन्मदिन पर भाजपा को कुराज अभियान के रुप में मनाया जाना चाहिए। लेकिन मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जनकल्याण और स्वराज अभियान मना रहे हैं। वीरेन्द्र शुक्ला ने कहा कि देश के हजारों नागरिकों ने कोरोना वायरस से संक्रमित होकर अपने जीवन को खो दिया। लाखों लोग कोरोना वायरस से पीड़ित हुए, हजारों बच्चों ने अपने माता पिता को खोया, अनेकों बहनों ने अपने सुहाग को खोया, अनेकों माता पिता ने अपने लाड़ले को खोया, दवाइयों, इलाज ऑक्सीजन के लिए लोग भटकते नजर आए। नकली इंजेक्शन मध्य प्रदेश में लगाए गए, रोजी रोजगार के अवसर हाथों से निकल गए, संपूर्ण देश में कोरोना के कहर से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। कोरोना वायरस की भयावहता से आमजन आज तक उबर नहीं पाया है। रोजी, रोजगार, बिजली बिल, दवाईयों, के संकट सामने खड़े हैं और मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने प्रधानमंत्री के जन्म दिवस मना रही है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा जब हमारा प्रदेश कोरोना वायरस से संक्रमित था, लोगों के पास खाने के लिए राशन नहीं था, तब भी यह सरकार मात्र 5 किलो राशन प्रधानमंत्री का फोटो झोला में छपवा कर बटवा रही थी, राशन के नाम पर केवल चावल का वितरण कर अन्नोत्सव कार्यक्रम मनाया। आज प्रधानमंत्री के जन्म उत्सव पर जनता के लाखों करोड़ों रुपयों को बर्बाद कर किया जा रहा है और शिवराज सिंह चौहान केवल सत्ता सुख को बचाए रखने के लिए जनता के साथ छल कर रहे हैं।किसान कृषि विधायकों को वापस कराने प्रदर्शन कर रहे है, किसान खाद बीज के लिए परेशान है ।युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, रोजगार के नाम पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। देश में महिलाओं के साथ उत्पीड़न के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, अपराधी, माफिया, मिलावट खोर पैर पसार रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है, इसीलिए अपनी असफलता को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुश करने जन्म दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं।



