जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

बिजली कर्मियो से मारपीट के मामलों में सचिव ऊर्जा ने दिए तुरंत कानूनी कार्रवाई के निर्देश

जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे ने ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मियों से दुर्व्यवहार या मारपीट के मामलों को शासकीय कामकाज में बाधा डालने के तौर पर संज्ञान ले कर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी अप्रिय स्थिति में बिजली कर्मियों का मनोबल नहीं गिरने दें तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाने के लिए जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से तत्काल सम्पर्क कर आवश्यक सहयोग लें। उल्लेखनीय है कि नरसिंहपुर जिले के अंतर्गत गाडरवारा डिवीजन के ग्राम खुर्सीपार में कलाबाई कौरव के कृृषि पंप कनेक्शन के बिजली बिल की रू. 52 हजार 448 बकाया राशि, कई बार नोटिस देने के बाद भी जमा नहीं कराई जा रही थी । बकाया राशि वसूलने के लिए कनिष्ठ यंत्री ग्रामीण सुश्री मोनिका नामदेव द्वारा लाइन कर्मियों के साथ शासकीय वाहन से ग्राम खुर्सीपार जाकर 06 नग पाईप एवं 50 फुट तार की जप्ती बनाई गई । इस दौरान गिरिजा शंकर कौरव एवं अरविंद कौरव द्वारा महिला अधिकारी के साथ गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी गई तथा बलपूर्वक जप्त सामग्री भी छीन ली गई । जबकि दूसरे मामले में टीकमगढ जिले के ग्राम बैडरी पलेरा में बिजली बिल घर देने पहुंचे मीटर रीडर श्री सुरेन्द्र अहिरवार पर बिजली उपभोक्ता के पुत्र प्रकाश अहिरवार ने कुल्हाडी से हमला करते हुए घायल कर दिया । दोनों प्रकरणों में कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाने में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। कंपनी के एम.डी.अनय द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जहां कहीं भी बिजली कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार अथवा मारपीट की घटना होती है तो तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जावे तथा उच्चाधिकारियों को सूचित किया जावे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page