कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का प्रारंभ

जबलपुर दर्पण। शिवशक्ति सेवा समिति और शांतम प्रज्ञा आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में गोहलपुर चितरंजन वार्ड स्थित अग्रवाल लॉन में आचार्य श्री दिनेश गर्ग जी महाराज के मुखारविंद से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस महायज्ञ की शुरुआत मंगल कलश यात्रा से हुई, जिसमें 51 माताएं और 100 से अधिक पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र पहनकर श्री राम-सीता, राधा-कृष्ण की भव्य झांकियों के साथ बस्ती नंबर 2 स्थित माँ दुर्गा मंदिर से अग्रवाल लॉन तक कलश यात्रा की।
पूजन के बाद वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ श्रीमद्भागवत कथा का प्रारंभ हुआ। आचार्य श्री दिनेश गर्ग जी महाराज ने पहले दिन के प्रवचन में श्रीमद्भागवत महापुराण के महात्म्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वेदों का सार, जो युगों से मानवता तक पहुंचता रहा है, उसी सनातन ज्ञान का प्रवाह भागवत महापुराण के माध्यम से होता है। भागवत महापुराण को वेदों का सार माना जाता है और इसकी कथा तभी सार्थक होती है, जब हम इसे अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें।
आचार्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति के जीवन के विकार नष्ट होते हैं और उसका लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है। इस सात दिवसीय कथा के दौरान भगवान के विभिन्न अवतारों और उनकी लीलाओं का वर्णन किया जाएगा, जिससे भक्तिमय वातावरण बनेगा और श्रोताओं को धार्मिक प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर आयोजन में प्रमुख रूप से पटेल गणेश पटेल, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नगर अध्यक्ष संजय सिंह यादव, उपाध्यक्ष रुपेश पिंटू पटेल, नवीन पटेल, सुनील पटेल, अनिल पटेल, देवराज गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, अभिषेक कोरी, रोहिणी विश्वकर्मा, प्रताप प्रजापति, प्रवीण नामदेव और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



