पत्रकार दीपक ताम्रकार ने 20वीं बार किया रक्तदान

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। डिंडौरी जिले के युवा पत्रकार दीपक ताम्रकार ने जिला अस्पताल में भर्ती एक सिकल सेल पीड़ित महिला मरीज के लिए मंगलवार को ‘O+’ ब्लड डोनेट किया। बताया गया कि श्री ताम्रकार अब तक 20 बार से ज़्यादा बार रक्तदान करने वाले बन गए हैं। भर्ती मरीज विमला बाई के परिजनों ने बताया कि सिकल सेल बीमारी के कारण उनके शरीर में खून की मात्रा काफी कम हो चुकी थी, बेहतर उपचार और सेहत में तेज गति से सुधार के लिए तत्काल खून चढ़ाने की ज़रूरत थी। गौरतलब है कि दुर्लभ रक्त समूह ‘O+’ मैच का खून आसानी से नहीं मिल रहा था, अस्पताल स्टाफ सहित डिंडौरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवराम बर्मन ने सोशल मीडिया पर और व्यक्तिगत संपर्कों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर दीपक ताम्रकार तत्काल ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान की इच्छा जताई। उन्होंने जिले के नागरिकों से आग्रह किया कि किसी को ब्लड की ज़रूरत पड़ने पर बेझिझक रक्तदान करें। लगातार रक्तदान करने पर श्री ताम्रकार की लोगों ने सराहना की है।



