स्वर्ण जयंती गुलाब प्रदर्शन महोत्सव में सजी गीत-ग़ज़लों शाम

जबलपुर दर्पण। द रोज़ सोसायटी ऑफ जबलपुर के स्वर्ण जयंती गुलाब प्रदर्शनी महोत्सव में जगजीत चित्रा गीत ग़ज़ल मंच द्वारा शहीद स्मारक परिसर में गीत-ग़ज़लों की मोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कर्नल अविनाश रावत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। मंच के संस्थापक राजेश श्रीवास्तव ने रोज़ सोसायटी का सांगीतिक प्रस्तुति हेतु आभार प्रकट किया। इसके पूर्व गीत ग़ज़ल मंच के अध्यक्ष डॉ. विजय तिवारी ‘किसलय’ ने अपने स्वागत उद्बोधन में गीत ग़ज़ल मंच की उपलब्धियों एवं भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया।
जी म्यूजिक फेम संस्कारधानी की पार्श्व गायिका प्रियंका श्रीवास्तव, वरिष्ठ ग़ज़ल गायक राजेश श्रीवास्तव, सतीशजी, आर्यन भट्ट ने एक से बढ़कर एक गीत ग़ज़लों की प्रस्तुतियाँ दी। इस अवसर पर रोज़ सोसाइटी ऑफ़ जबलपुर के कार्यक्रम संयोजक अरुण कांत पाण्डेय द्वारा गुलाब प्रदर्शनी के संदर्भ में जानकारी दी गई और निर्णायकों का सम्मान किया गया। रोज़ सोसायटी के डॉ. समीर हर्षे, श्रीमती सुनैना पटेरिया, नितिन वीरा, इंजी डी सी जैन, राधेश्याम अग्रवाल, अशोक कपूर आदि की विशिष्ट उपस्थिति रही।



