लो.नि.वि. की हठधर्मिता के कारण स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट अधर में लटका : तरुण भनोत

स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट के नवनिर्मित भवन को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में लो.नि.वि. की उदासीनता पर पूर्व वित्त मंत्री ने जताया आक्रोश
जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश का पहला स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट जो जबलपुर में बनकर तैयार हो चुका हैं किन्तु सरकार और खासकर लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण मेडिकल कॉलेज परिसर में नवनिर्मित कैंसर इंस्टिट्यूट का भवन तैयार हो जाने के सालों बाद भी लोक निर्माण विभाग के द्वारा अब तक भवन को हस्तांतरित करने की औपचारिकतायें पूरी नही गई हैं | लोक निर्माण विभाग के इस व्यवहार से ऐसा प्रतीत होता हैं कि आमजनता के हितों से उनका कोई सरोकार नहीं हैं | उक्त आरोप प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक तरुण भनोत ने कैंसर इंस्टिट्यूट के नवनिर्मित भवन का कार्य पूरा हो जाने के बावजूद भी अब तक चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित न किए जाने को लेकर लगाया हैं |
श्री भनोत ने बताया कि वर्ष 2016 में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा जबलपुर में स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई थी, किन्तु 3 साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी बजट के अभाव में इंस्टिट्यूट का कार्य पूरा नहीं हो सका था | कांग्रेस सरकार के दौरान श्री भनोत के वित्त मंत्री रहते हुए शेष राशि का एकमुश्त प्रावधान किया गया था, और उसके उपरांत शेष कार्यों को पूरा किया गया, किन्तु दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी लोक निर्माण विभाग के द्वारा निर्माण कार्यों के पूरा हो जाने के बाद भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं किए जाने के कारण स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट को विधिवत रूप से प्रारंभ नहीं किया जा सका हैं |
श्री भनोत ने बताया कि जबलपुर कैंसर इंस्टिट्यूट वर्तमान मे सेंट्रल इंडिया का एकमात्र डेडीकेटेड कैंसर इंस्टिट्यूट हैं, किन्तु सरकार की संवेदनहीनता के कारण दो वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी लोक निर्माण विभाग के द्वारा अब तक भवन हस्तानन्तरण की कार्यवाही अपेक्षित हैं | श्री भनोत ने बताया कि उनके द्वारा दिनांक 24.11.2021 को मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन को पत्र के माध्यम से इस इंस्टिट्यूट के लोकार्पण हेतु पत्राचार किया गया था, जिसके प्रत्युत्तर में दिनांक -10.12.2021 को कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, भोपाल द्वारा परियोजना संचालक, लोक निर्माण विभाग से इस मामले में त्वतरित कार्यवाही करने और भवन को हस्तानन्तरण की कार्यवाही हेतु लेख किया गया था, किन्तु दुर्भाग्य हैं कि पिछले 6 महीने इस परियोजना संचालक, लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मामले में आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को कोई जवाब नहीं दिया गया हैं और पुनः 26.05.2022 को आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा द्वारा परियोजना संचालक, लोक निर्माण विभाग को स्मरण-पत्र प्रेषित कर प्राथमिकता में जवाब देने हेतु लेख किया गया हैं, जिसकी एक कॉपी श्री भनोत को भी प्रेषित की गई हैं |
श्री भनोत ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण हैं और भाजपा सरकार की विफलताओं और नौकरशाहों की मनमर्जी को दर्शाता हैं, जहां एक ही सरकार के दो विभाग एक दूसरे की सुनने को तैयार नहीं हैं | उन्होंने कहा कि स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट को प्रारंभ करने से जबलपुर सहित महकौशल क्षेत्र के कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए अत्यंत सुविधाजनक हो जाएगा | वर्तमान में आसपास के कैंसर मरीजों को जबरन मुंबई, दिल्ली और दूसरे शहरों में जाकर महंगा उपचार कराने को मजबूर होना पड़ रहा हैं, जिसके कारण मरीजों का समय और पैसा दोनों ही बर्बाद हो रहे हैं | श्री भनोत ने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों से अपील की हैं कि आपसी विभागीय मतभेद को दूर कर तत्काल नवनिर्मित कैंसर इंस्टिट्यूट भवन के हस्तानन्तरण की कार्यवाही की जाएं |



