क्षेत्र क्रमांक 04 से भाजपा समर्थित हेमवती राजपूत को मिला जनादेश

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 04 समनापुर में होने वाले चुनाव में परिणाम मतदान केंद्रों से मिली रूझानों में भाजपा समर्थित हेमवती राजपूत को जनादेश मिला है। गौरतलब है कि आमजन के साथ ही राजनीतिक पंडित उत्सुक थे, यहाँ मुकाबला कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सविता राकेश सिहारे और भाजपा समर्थित प्रत्याशी हेमवती भारत राजपूत के मध्य रहा। शुक्रवार की देर शाम से मतगणना केंद्रों से जारी नतीजों के अनुसार शुरुआती रुझानों से ही हेमवती को बढ़ता हुआ जनमत मिल रहा था। देर रात तक हेमवती भारत राजपूत को लगभग 13-14 हजार मत मिले थे, जो कि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार से लगभग 3200 से अधिक हैं, फिलहाल जीत की आधिकारिक घोषणा शेष है, किंतु हेमवती राजपूत निर्णायक जनमत हासिल कर विजय की ओर अग्रसर हैं। बताया गया कि पिछले दिनों भाजपा कार्यालय में जीत का जश्न भी मनाया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व नवनिर्वाचित पदाधिकारी मौजूद रहे।



