मंगलवार को जनसुनवाई में 36 आवेदन पत्रों की हुई सुनवाई

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। कलेक्टर रत्नाकर झा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 36 आवेदन पत्रों की सुनवाई की। इस अवसर पर मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजू अरूण कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूलता सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर रमेश मरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डाक्टर संतोष शुक्ला सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। जनसुनवाई में आवेदकों के द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये गए। कलेक्टर श्री झा ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि जिन आवेदन पत्रों का तत्काल निराकरण नहीं हो सका, उसके लिए आवेदकों को समय-सीमा दे दी गई है। सभी अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का निराकरण कर आवेदकों को अवगत कराना होगा। कलेक्टर श्री झा ने सभी अधिकारी और कर्मचारियों को कोविड-19 कोरोना वैक्सीनेशन के दोनों डोज लगवाने के बाद प्रिकाॅशन डोज अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए। जिले में प्रिकाॅशन डोज के लिए 27 जुलाई 2022 और 03 अगस्त, 17 अगस्त, 31 अगस्त, 14 सितंबर और 28 सितंबर 2022 को वैक्सीनेशन महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने इस महाअभियान में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों को कोविड-19 वैक्सीनेशन का प्रिकाॅशन डोज लगवाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री झा ने इस अवसर पर सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की भी समीक्षा की, उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण संतुष्टिपूर्वक दर्ज करें।



