डेयरी स्टेट से शीघ्र प्रारम्भ हो व्यवसाय:कलेक्टर

जबलपुर दर्पण। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने खम्हरिया स्थित डेयरी स्टेट से जल्द से जल्द डेयरी व्यवसाय प्रारम्भ करने निर्देश दिये हैं । डॉ इलैयाराजा आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डेयरी स्टेट की परियोजना संचालन समिति के सदस्यों एवं भूखंडधारकों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। कलेक्टर ने बैठक में डेयरी स्टेट में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की । उन्होंने डेयरी स्टेट के शेष भूखंडों का आबंटन, सुरक्षा निधि जमा कराने एवं लीज डीड पंजीयन की 12 सितंबर तक पूरा कर लेने के निर्देश भी बैठक में दिये । साथ ही सभी भूखंडधारकों के लिये अधिकतम 6 माह की समय सीमा व्यवसाय शुरू करने की निर्धारित की। कलेक्टर ने डेयरी स्टेट परियोजना के भूखण्डधारकों को ऋण की आवश्यकता होने पर बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके ऋण प्रकरण तैयार करने के निर्देश परियोजना संचालन समिति को दिये । उन्होंने परियोजना स्थल पर पानी की अतिरिक्त व्यवस्था, साइड रोड का निर्माण तथा डेयरी निर्माण एवं व्यवसाय प्रारंभ करने में आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। समीक्षा बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. ए पी गौतम, उप संचालक डॉ. एस के बाजपेयी, मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के कार्यपालिक अधिकारी डॉ.आर के कुर्मी भी मौजूद थे।



