मिशन 2023 एक कदम बदलाव की ओर पोस्ट भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री को करना पड़ा मंहगा: पार्टी ने किया निष्कासित

विधायक अजय विश्नोई को लेकर पोस्ट करने पर,पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता
जबलपुर दर्पण पाटन ब्यूरो। योगेश सिंह ठाकुर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा महामंत्री पाटन के दायित्व का निर्वाहन कर रहे थे साथ ही पार्टी का पूरी ईमानदारी से काम कर रहे थे। युवा मोर्चा के पदाधिकारी होने के कारण नगर एवं ग्रामीणों क्षेत्रों में सक्रियता होने की वजह से छक्का मंहगवा की सड़क के बारे में विधायक अजय विश्नोई को अवगत कराया था। कैसे ग्रामीण एवं विद्यार्थी बारिश के मौसम में कीचड़ से लथपथ सड़क पर गुजरने के लिए मजबूर है। इसके लिए दो हाईवा मुरूम की बात की थी इस बात पर विधायक भड़क गए और बोले चंदा कर लो जितना चंदा होगा उतना पैसा मेरे से ले लेना। जिसके चलते सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल की थी जिसमें लिखा था मिशन 2023 एक कदम बदलाव की ओर जिसको पार्टी ने गंभीरता से लेते हुए विधायक अजय विश्नोई एवं युवा मोर्चा ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजमणि बघेल की अनुशंसा पर भाजपा युवा मोर्चा पाटन मंडल अध्यक्ष पंकज विश्वकर्मा ने युवा मोर्चा पाटन मण्डल से योगेश सिंह ठाकुर को महामंत्री पद के दायित्व से मुक्त कर दिया है।
जब इस संबंध में पाटन युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष से बात की गई तो उनका कहना था कि हमारे युवा मोर्चा के महामंत्री योगेश सिंह ठाकुर ने विधायक अजय विश्नोई से इस संबंध में चर्चा की थी तो विधायक ने महामंत्री को जानकारी दी थी इस रोड़ का टेंडर हो गया है अगले महीने काम लग जाएगा इसके बाद योगेश सिंह के द्वारा पाटन जनपद की समितियों के निर्वाचन के दौरान इसी विषय पर फिर से विधायक से बात की थी इसी बात को लेकर शायद योगेश सिंह ने फेसबुक पर विधायक के संबंध में एक पोस्ट मिशन 2023 एक कदम बदलाव की ओर कर दी थी। उनको अपनी बात रखने का मौका दिया गया था और हिदायत भी दी गई थी जो भी बात है वह पार्टी फोरम पर करे न की सोशल मीडिया पर।





