करोड़ों रुपए खर्च करके खरीदें गए, विधायक निधि के पानी टैंकर हुए जमींदोज

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी में करोड़ों रुपए खर्च करके विधायक निधि से खरीदे गए पानी के टैंकर इन दिनों जमींदोज नजर आ रहे हैं। देखा जा रहा है कि अधिकांश गांवों में बांटे गए विधायक निधि से पानी के टैंकर देखरेख, सुरक्षा व उचित रखरखाव न होने से वाहन कबाड़ हो गए हैं। अब सवाल यह उठता है कि दूसरे जिलों के विधानसभा क्षेत्रों से लाई गई नई तरह के मॉडलों में एक टैंकर वितरण से पहले आगामी कार्ययोजनाएं क्यों नहीं बनाई गई, करोड़ों रुपए खर्च मनमानी पूर्वक क्यों किए गए। गांव-गांवों में पानी की टैंकर वितरण से पहले वाहनों के रखरखाव सहित अन्य मैंटेन के लिए कोई बजट के प्रावधान नहीं किए गए। ताजा मामला डिंडोरी-समनापुर मुख्य मार्ग धनवासागर में सामने आया है, जहां विधायक निधि से खरीदा गया पानी का टैंकर जमींदोज होकर जंग खा रहा है। बावजूद वाहनों को सुधारने, रखरखाव करने सहित अन्य के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा रही, जिससे योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा। विपक्षी दलों के नेताओं ने विधायक ओमकार मरकाम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पानी के टैंकर खरीदी को पैसे कमाने का जरिया बताया है।



