अमृतवर्षा परियोजना के तहत:ग्राम झामर में ड्रोन से नेनो यूरिया का स्प्रे

जबलपुर दर्पण पाटन ब्यूरो/राजेंद्र सिंह की रिपोर्ट। अमृत वर्षा परियोजना के तहत ग्राम भोरदा में नेनो यूरिया का ड्रोन से धान फसल पर स्प्रे का शुभारम्भ 02 सितम्बर 2022 को विधायक अजय विश्वनोई, कलेक्टर जबलपुर डॉ.इलैया राजा टी,उपसंचालक कृषि जबलपुर डॉ.एस.के.निगम, इफ्को से राजेश मिश्रा द्वारा किया गया। परियोजना के तहत नेनो यूरिया का छिडकाव ड्रोन के द्वारा ग्राम झामर,उमरिया, पिपरिया,अमरपुर आदि ग्रामों में किया गया। कृषक सर्वेश पटेल, रामविनय करसोलिया,गोपाल दास साहू,ओमकार पटेल,नीलेश पटेल,राजेन्द्र पटेल के खेतों में ड्रोन से नेनो यूरिया का धान की फसलों पर छिडकाव किया गया
ग्राम झामर में अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ. इंदिरा त्रिपाठी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पाटन श्रीकांत यादव की उपस्थिति में ड्रोन द्वारा नेनो यूरिया का धान की फसल पर स्प्रे किया गया। इस अवसर पर आज्ञा कृषि केंद्र के संचालक नीलेश पटेल द्वारा कृषकों को बताया कि एक एकड़ की फसल में 500 ml.नेनो यूरिया 9.5 लीटर पानी में मिलकर ड्रोन के द्वारा 7-8 मिनिट में स्प्रे हो जाता है। ड्रोन से यूरिया का स्प्रे तेज़ धूप,तेज़ हवा में न करें। प्रथम स्प्रे अंकुरण के 30 से 35 दिन बाद या रोपाई के 20 से 25 दिन बाद एवं दूसरा छिडकाव फूल आने के 7 से 10 दिन पहले करना चाहिए।
प्रगतिशील कृषक रामविनय करसोलिया ग्राम झामर ने बताया कि ड्रोन की तकनीक से नेनो यूरिया का स्प्रे मेरे खेत में धान की फसल पर कराया गया,जिससे मुझे समझ में आया कि यह आने वाले समय के लिए ड्रोन का उपयोग फसलों के लिए बहुत उपयोगी होगा। अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ. इंदिरा त्रिपाठी ने कृषकों को बताया कि ड्रोन के माध्यम से नेनो यूरिया का फसलों पर स्प्रे ज्यादा से ज्यादा कराएँ जिससे कम समय एवं कम लागत से ज्यादा फायदा हो।



