15 कोरोना पॉज़िटिव मरीज़ स्वस्थ होकर घरों के लिए हुए रवाना

अनुपपुर से विकास ताम्रकार की रिपोर्ट।
कोरोना से लड़ाई की राह में आज अनूपपुर ज़िले को एक और मील का पत्थर का प्राप्त हुआ। अब तक मुख्य रूप से युवाओं में यह संक्रमण पाया गया था तथा नौनिहालों को स्वस्थ करने में भी स्वास्थ्य विभाग का अमला इससे पहले कामयाब हो चुका है। आज डायबिटीज एवं हृदय रोग से पीड़ित वृद्ध जनो को स्वास्थ्य विभाग एवं सहायक अमले ने समर्पण, सेवा एवं दक्षता के माध्यम से कोरोना से निजात दिलाने में सफलता प्राप्त की। उक्त मरीज़ों सहित आज कुल 15 कोरोना संक्रमितों ने स्वस्थ होकर घर के लिए प्रस्थान किया। इस प्रकार अब तक प्राप्त कुल 72 संक्रमितों में से 67 स्वस्थ होकर अपने गृह क्षेत्रों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। वहीं शेष 5 मरीज़ों का कोविड केयर सेंटर में इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार सभी का स्वास्थ्य स्थिर है, शीघ्र ही बचे समस्त मरीज़ भी स्वस्थ होकर घरों के लिए प्रस्थान करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन अनुसार आज डिस्चार्ज किए समस्त 15 व्यक्तियों को अगले 1 सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गयी है।
त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए नागरिक बरतें विशेष सावधानी- कलेक्टर
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग के समस्त अमले एवं स्वस्थ हुए समस्त मरीज़ों को शुभकामनाएँ दी हैं। श्री ठाकुर ने कहा स्वस्थ हो रहे मरीज़ों से स्वास्थ्य विभाग एवं ज़िला प्रशासन का आत्मविश्वास बढ़ा है, परंतु संकट अभी भी विद्यमान है। कोरोना को नियंत्रित रखने में आमजनो की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपने आगामी त्योहारों पर आमजनो से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।कलेक्टर श्री ठाकुर ने कहा आमजन भीड़-भाड़ वाले स्थानो में जाने से बचें। बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से कोरोना से बचाव हेतु सुरक्षा उपायों पालन करें। बाहर निकलने पर मास्क, गमछा, फ़ेस कवर, दुपट्टे आदि से मुँह और नाक को विधिवत रूप से ढँककर रखें। वृद्धजन एवं बच्चे अत्यावश्यक होने पर ही बाहर आएँ। किसी भी प्रकार के लक्षण आने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग एवं ज़िला प्रशासन को सूचित करें। समय पर कोरोना संक्रमण की पहचान एवं उपचार से कोरोना संक्रमित मरीज़ को स्वस्थ करने की सम्भावना बढ़ जाती है, साथ ही सही समय में जाँच हो जाने से सम्बंधित व्यक्ति को आइसोलेट किया जाकर संक्रमण फैलने का ख़तरा भी कम किया जा सकता है।श्री ठाकुर ने कहा इस समय आमजन ऐसी यात्राओं से बचें, जो अत्यावश्यक नहीं है। बाहर से आने पर ज़िला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग अथवा नज़दीकी थाने में सूचना दें एवं 14 दिन के होम क्वॉरंटीन अवधि का पूर्णरूपेण पालन करें। कोरोना संक्रमण विश्वव्यापी समस्या है। सावधानी, सूझबूझ एवं सुरक्षात्मक उपायों का पालन ही इसका हल है। सभी नागरिक इस समस्या की गम्भीरता को समझ, स्वयं, परिवार एवं सम्पूर्ण ज़िले को सुरक्षित रखने में शासन प्रशासन का सहयोग करें।



