जिपं सदस्य संगठन की जिला कार्यकारणी घोषित, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जनपद पंचायत में जनपद पंचायत सदस्य संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमे जिले के सभी जनपदों से भारी संख्या में जनपद पंचायत सदस्य मौजूद हुए हैं। बैठक में जनपद पंचायत सदस्यों के पंचायत राज व्यवस्था में भूमिका और अधिकारों को लेकर चर्चा हुई, वही मैदानी स्तर में आ रही परेशानियों को लेकर चर्चा की गई। जनपद सदस्य टेकेश्वर साहू ने कहा कि जनपद पंचायत सदस्य 5000 मतदाताओं के बीच से निर्वाचित होकर आते हैं, इस दौरान विकास करने के वादे भी करते हैं। जनपद सदस्यों से ग्रामीण जनों को विकास की काफी उम्मीदें होती हैं, लेकिन सम्बंधित पंचायतों और जनपद पंचायत स्तर पर सुनवाई और काम नही होता है। मेहंदवानी जनपद पंचायत के सदस्य जेहर सिंह ने कहा कि जनपद पंचायत सदस्यों का संगठन सभी के हित के लिए काम करेगा । जिला कार्यकारणी की बैठक में जनपद सदस्यों ने सर्व सम्मति से जिला कार्यकारणी गठित कर घोषणा की है। संगठन का जिलाध्यक्ष कीर्ति गुप्ता को मनोनीत किया गया है, उपाध्यक्ष के पद पर लोकेश पटेरिया, सुरेंद्र तिवारी, राजू उद्दे एवं महामंत्री जेहर सिंह मरकाम, विनोद साहू,टेकेश्वर साहू ,रामकिशोर ठाकुर को मनोनीत किया गया है। समस्याओं को लेकर ज्ञापन के दौरान जिले भर के जनपद पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे हैं। ज्ञापन के दौरान जनपद सदस्य संतोष चंदेल, धनराज पुषाम, ननकू परस्ते, ओमप्रकाश, कोमल, नीतू बर्मन, भीमशंकर साहू, कृष्ण कुमार, बरोटिया, सरोज परस्ते, अनिता धुमकेति, अंजू कश्यप, रजनी मन्दे, लेखनी ठाकुर, ममता, यशोदा,वचन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बताया गया कि जिले के सातों जनपद के जनपद सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम कलेक्टर के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। जनपद सदस्यों द्वारा सौंपी गई ज्ञापन में उक्त मांगों का उल्लेख किया गया है कि जनपद सदस्यों की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में बैठने की व्यवस्था हो, सदस्य का मोबाइल नंबर ग्राम पंचायत में चस्पा हो, हर ग्राम पंचायत में जनपद सदस्य के अनुसार प्रत्येक टीएस, एएस एवं कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र तथा सोशल ऑडिट में सहमति और अनुमोदित से प्रत्येक कार्य किए जाएं। वहीं प्रत्येक जनपद सदस्यों को अपनी जनपद क्षेत्र में कार्य करने के लिए वार्षिक बजट 15 लाख रुपए दिए जाएं। साथ ही सभी जनपद सदस्यों का मानदेय वर्तमान में 1500 रूपये से बढ़ाकर 15000 हजार रूपए महंगाई को देखते हुए किया जाए। ज्ञापन सौंपने आए सभी जनपद सदस्यों ने उक्त मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मांग पत्र भेज कर जल्द से जल्द अपनी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की हैं।



