भगवान दादा गुरुदेव का भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह

चार दिनों तक जारी रहेंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान, आचार्य गणों का रहेगा सानिध्य
जबलपुर दर्पण। श्री धर्मनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर दादावाड़ी ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य प्राण प्रतिष्ठा का चार दिवसीय आयोजन 15 जनवरी से प्रारंभ होगा। आयोजन में जिनशासन के गौरव महाप्रभु सीमंधर स्वामी युग प्रधान दादा गुरुदेव श्री जिनदत्त मणिधारी कुशलसूरी व नाकोड़ा भैरव अम्बिका देवी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न होगी। आयोजन खरतरगच्छ आचार्य श्री जिनपियूशसागर सूरिश्वरजी मा. सा. के परम सानिध्य में पूर्ण होगा। प्रतिमाओं की स्थापना सगड़ा स्थित जैन मंदिर में की जायेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ 15 जनवरी को प्रातः 9 बजे किया जायेगा। जिसमें कटगा से भव्य शोभायात्रा ( वरघोड़ा) निकाली जाएगी, जो सदर स्थित दादावाड़ी में सम्पन्न होगी। ततपश्चात धर्मसभा व साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया जायेगा। 16 जनवरी को सगड़ा जैन मंदिर में प्रातः 7.30 बजे से दादा गुरुदेव व अन्य भगवानों का प्रवेश व पूजन आरंभ होगा। प्रातः 8 बजे से कुंभ स्थापना, दीपक स्थापना व जवारा रोपण, नवकारसी, नवग्रह, दशदिक्पाल,अष्टमंगल, क्षेत्रपाल पूजन के पश्चात दोपहर 12 बजे से साधार्मिक वात्सल्य व सन्ध्या काल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन होगा। इसी क्रम में, 17 जनवरी को मंदिर परिसर में प्रातः 8.30 बजे से नन्दावर्त पूजन और 9.15 बजे से अठारह अभिषेक पूजा सम्पन्न होगी। इसी क्रम में नवकारसी एवं सायं काल राहुल झाबक द्वारा सुंदर संगीत सन्ध्या का आयोजन होगा। आयोजन की अगली श्रृंखला में 18 जनवरी को प्रातः 8.30 बजे से प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सर्व प्रथम शाही करबा होगा ततपश्चात 12 बजे से फले चुंदड़ी का आयोजन किया जायेगा। वहीं 19 जनवरी को प्रातः 6 बजे द्वार का उद्घाटन कार्यक्रम सम्पन्न होगा।



