शिवराज सरकार की बजट को कांग्रेस कमेटी डिंडोरी ने बताया खोखला

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। पिछले दिनों मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आगामी वर्षों के लिए विधानसभा में बजट पेश किया गया। कांग्रेस कमेटी डिंडोरी के जिला अध्यक्ष विरेन्द्र बिहारी शुक्ला ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के बजट को खोखला बताया है, उन्होंने भाजपा सरकार की बजट को पूरी तरह से चुनावी बजट बताया है। आरोप लगाया कि किसानों के कर्ज माफ नहीं किए गए, अभी तक महंगाई को रोकने का कोई प्रावधान सरकार के द्वारा नहीं बनाया गया, इसी तरह से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने जब गैस सिलेंडर ₹500 में देने का वादा किया है, तो मध्यप्रदेश सरकार इस पर विचार क्यों नहीं कर रही। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में गरीबों की थाली से रोटी नदारद है, बच्चों के दूध को भी महंगा कर दिया गया है। पिछले बजट में लाखों बेरोजगारों को शासकीय नौकरी का वादा किया गया था, लेकिन आज भी लाखों पद रिक्त है, बेरोजगार युवाओं के साथ छलावा किया जा रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि डिंडोरी जिला चिकित्सालय के लिए कोई योजना नहीं है, स्कूलों में शिक्षक नहीं है, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है, मध्य प्रदेश सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। संविदा, आउट सोर्स कर्मचारी एवं पुरानी पेंशन लागू करने पर कोई चर्चा नहीं, छोटे व्यापारियों को भी किसी प्रकार की राहत नहीं दी जा रही है। शिवराज सरकार ने अपने 18 वर्षों के कार्यकाल में बजट में किए हुए वादों को पूरा नहीं किया और अब चार माह में केवल लोक लुभावने वादे कर जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं।



