“पुलिस अधीक्षक पहुंचे पाटन” थाना क्षेत्र में बढ़ती अपराधिक घटनाओं पर जताई नाराजगी

श्री बहुगुणा ने तिलगवा में हुई अंधी हत्या वाली जगह का किया बारीकी से निरीक्षण,आरोपी को पकड़ने थाना स्टाफ के साथ क्राइम ब्रांच की लगाई टीम
पाटन/जबलपुर दर्पण। पाटन थाना क्षेत्र में दिनांक 27-2-2023 की दरमियानी रात में तिलगवा रोड पर स्थित अग्रवाल राईस मिल के पीछे नन्दू पटैल के खेत में अग्रवाल राइस मिल का पल्लेदार राजेश ऋषिदेव उम्र 25 वर्ष निवासी साधुपुर थाना उदाकिशुनगंज जिला मधेपुरा बिहार की धारदार नुकीलेे हथियार से हमला कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी गयी थी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी.पाटन एवं एफएसएल प्रभारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे थे। सभी की उपस्थति में घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा कार्यवाही करते हुए शव को पीएम हेतु भिजवाते हुये अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आज दिनॉक 2-3-23 जबलपुर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा स्वयं घटना स्थल पहुंचे एवं घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया मौके पर उपस्थित अधिकारियों को अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश देकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आदेशित करते हुए थाना स्टाफ के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम लगाई गई है।



