वर्षों से बेजुबानों को डाल रहे हैं दाना, देखते ही भागे चले आते हैं पंक्षी

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरिया निवासी रमेश कुमार तिवारी पिछले कई वर्षों से गांव के पास बेजुबान पंक्षीओं को सुबह-सुबह दाना खिलाते नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि बेजुबान पंछियों व रमेश कुमार तिवारी के बीच अटूट प्रेम बना हुआ है, इसीलिए तो श्री तिवारी को देखते ही बेजुबान पंछी उनके पास भागे चले आते हैं। बताया गया कि बेजुबान पंछियों को दाना खिलाने का यह क्रम पिछले कई वर्षों से जारी है, जहां हर रोज सुबह-सुबह श्री तिवारी पंक्षीओं का दाना लेकर बाहर निश्चित स्थान में आते हैं। गौरतलब है कि श्री तिवारी के हाथों में दाना लिए देख बेजुबान पंछी उनके पास चले आते हैं, जहां हाथों में दाना रखकर व ज़मीन पर बिखराकर पंछियों को हर दिन निस्वार्थ भाव से दाना खिलाते हैं। कहते हैं जमाना ऐसा आ गया है की जहां सगे संबंधी व अपने लोग ही कोई किसी के लिए कुछ नहीं करता। लेकिन इस जमाने में श्री तिवारी की इस अनुकरणीय पहल एक मिसाल है, जिसकी लोग सराहना कर रहे हैं।



