जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

वंदे भारत ट्रेन के संचालन पर जबलपुर की उपेक्षा दुर्भाग्यजनक होगा – तरुण भनोत

जबलपुर से इंदौर तक प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन को रीवा से प्रारंभ करने के अटकलों पर पूर्व वित्त मंत्री ने भाजपा सरकार पर शहर उपेक्षा का लगाया आरोप

जबलपुर दर्पण। भारतीय रेल द्वारा देश भर के प्रमुख ज़ोनल मुख्यालयों और मण्डलों में बेहतर यातायात को दृष्टिगत रखते हुए वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है | विदित हो कि इसी तारतम्य में पिछले कुछ महीनों से जबलपुर से इंदौर के लिए वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर स्थानीय समाचार पत्रों में खबरें छप रही थी, किन्तु अचानक उस प्रस्तावित ट्रेन को भोपाल के रानी कमलापति रेल्वे स्टेशन से नई दिल्ली तक के लिए चलाये जाने पर सहमति बना दी गई और पिछले दिनों प्रधानमंत्री के द्वारा उक्त ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है | कोरोनाकाल के पहले जबलपुर से हरिद्वार ट्रेन का संचालन किया जा रहा था, किन्तु कोरोना के बाद ट्रेन के संचालन को निरस्त किया गया, उसके बाद से आज तक उसकी मांग की जा रही है | भाजपा केंद्र और प्रदेश में डबल-इंजिन की सरकार चलाने का दावा करती है लेकिन उसके शासनकाल में प्रदेश में सबसे ज्यादा यदि किसी जिलें और संभाग से उपेक्षा और उदासीनता का भाव रखा गया उसमे जबलपुर अव्वल है | उक्त आरोप प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक श्री तरुण भनोत ने प्रस्तावित जबलपुर-इंदौर वंदे भारत ट्रेन को रीवा से संचालित किए जाने के खबर को लेकर प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर लगाया है | श्री भनोत द्वारा पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक को प्रेषित पत्र के माध्यम से बताया कि जबलपुर पश्चिम मध्य रेल के मुख्यालय के साथ ही रेल मण्डल भी है और इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व में वंदे भारत ट्रेन को जबलपुर से इंदौर तक चलाए जाने को लेकर प्रस्ताव दिया गया था, किन्तु उस ट्रेन को जबलपुर के स्थान पर भोपाल रेल मण्डल को दे दिया गया | पिछले दिनों फिर अखबारों में यह खबर छपी कि जबलपुर से इंदौर के लिए वंदे भारत ट्रेन के लिए मण्डल स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है | इस खबर से जबलपुरवासियों में अत्यंत उत्साह था, किन्तु रेलवे से मिल रही जानकारियों के मुताबिक इस ट्रेन को जबलपुर के स्थान पर रीवा से भोपाल वाया जबलपुर संचालित करने पर विचार किया जा रहा है | यह अत्यंत अफसोसजनक है कि जबलपुर के ज़ोनल मुख्यालय होने के बावजूद शहर के साथ ऐसा भेदभाव किया जा रहा है | श्री भनोत ने पमरे महाप्रबंधक को प्रेषित पत्र के माध्यम से आग्रह किया है कि वंदे भारत ट्रेन की प्रतीक्षा जबलपुरवासी लंबे समय से कर रहे है और ऐसे समय में भी इस ट्रेन को जबलपुर के बजाए रीवा से प्रारंभ किया गया तो निश्चित रूप से यह जबलपुर के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा | इसलिए उसकी पूर्व प्रस्तावित रूट जबलपुर से इंदौर तक चलाए जाने पर ही विचार किया जाना बेहतर होगा |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page