विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बवाल

जबलपुर दर्पण। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रतलाम बीजेपी अध्यक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। रतलाम बीजेपी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा को हटाने के लिए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में 50 से ज्यादा चार पहिया वाहन शामिल थे। बताया जा रहा है कि विरोध करने वाले कार्यकर्ता आलोट विधानसभा क्षेत्र के हैं। कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय और पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के घर के बाहर जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को हटाने के लिए पोस्टर भी लगाए।दरअसल, विधानसभा चुनाव के ठीक पहले रतलाम जिले में बीजेपी में जमकर बवाल मचा हुआ है। पार्टी के मंडल अध्यक्षों को हटाए जाने से नाराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को हटाने की मुहिम शुरू कर दी है। कार्यकर्ता और पदाधिकारी बीजेपी दफ्तर के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं के वाहनों पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा को हटाने के पोस्टर लगे हुए थे।नाराज कार्यकर्ताओं में भोपाल संगठन स्तर पर वरिष्ठ नेताओं को मामले की जानकारी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सभी कार्यकर्ता बीजेपी जिलाध्यक्ष की कार्य प्रणाली के खिलाफ नाराज होकर कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के सामने ही पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी का घर था। कार्यकर्ताओं में उनकी बात वरिष्ठ स्तर तक पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपा।



