सोशल ऐंड मोटिवेशनल ट्रस्ट के द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न

अखिल भारतीय स्वयंसेवी संस्था सोशल ऐंड मोटिवेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में दिनांक 16 जूलाई 2023 को नोएडा स्थित सेंट्रल पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम सफ़लता पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न प्रकार के पौधों को उपरोक्त पार्क में लगाया और पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पौधारोपण के उपरांत सभी लोगों ने आज के औद्योगिक दौड़ में पर्यावरण पर खतरे और उसके निवारण पर अपने विचार प्रकट किए और जीवन में स्वच्छ पर्यावरण के लिए पेड़ पौधों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष ममता सिंह और संस्थापक रवींद्र नाथ सिंह ने लोगों के बीच बताया कि प्रकृति ने बहुत सारी अमूल्य संपदाएं हमें मुफ्त में उपहार स्वरूप प्रदान की है और हमें इसका कोई मूल्य अदा नहीं करना पड़ता। परंतु औद्योगीकरण और मानवीय लापरवाही के कारण आज पर्यावरण संरक्षण एक बहुत बड़ी चुनौती बन चुकी है। पर्यावरण स्वच्छ होगा तभी हम स्वस्थ रह पाएंगे और हम स्वस्थ होंगे तभी एक स्वस्थ समाज की अवधारणा सफल होगी। अतः पर्यावरण संरक्षण आज समाज की मूल समस्याओं में से एक बन चुकी है और हम सभी को इसके प्रति सजगता पूर्वक अपना दायित्व निभाना चाहिए। इस दिशा में वृक्षारोपण सबसे बड़ा कदम है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन काल में प्रतिवर्ष अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और पौधारोपण के हर अभियान में सक्रिय योगदान देना चाहिए।साथ साथ अपने आसपास के लोगों को भी इस कार्य के लिए जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में सोशल ऐंड मोटिवेशनल रिक्रिएशन क्लब के सदस्यों ने भी उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में आसपास के लोगों और पार्क के कर्मचारियों ने भी शामिल होकर पौधारोपण में सहयोग किया।
मुख्य रुप से प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, अनुपमा श्रीवास्तव, मोहन श्रीवास्तव, कालिंदी श्रीवास्तव, राज कुमार शर्मा, बीणा शर्मा, उदय जी, धनंजय कुमार, प्रेम सागर प्रेम एवं कविता सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए और पौधारोपण कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सराहनीय और सफल भूमिका निभाई।
वेदांश की कुशल व्यवस्था में कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ, जिसकी सभी ने सराहना की।
सोशल ऐंड मोटिवेशनल ट्रस्ट दिल्ली स्थित अखिल भारतीय स्वयंसेवी संस्था है जो साहित्य, कला, संस्कृति एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है और एक अलग पहचान बना चुकी है। यह संस्था समय समय पर पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर समाज में जागरूकता पैदा करती रहती है।



