जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

सुभाषचंद्र बनर्जी की प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण

जबलपुर दर्पण। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंचे। CM ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा के ससुर की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ पौधारोपण भी सीएम ने किया। इस कार्यक्रम में सीएम के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल कृषि मंत्री कमल सिंह पटेल भी मौजूद रहे। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद सीएम स्व बनर्जी की संगोष्ठी कार्यक्रम में शामिल हुए। जे.पी नड्डा के ससुर स्वर्गीय सुभाषचंद्र बनर्जी 1951 से भारतीय जन संघ के सदस्य रहे हैं, जिनकी प्रतिमा सिविल लाइन लोहिया पुल के पास लगाई गई है।स्वर्गीय सुभाषचंद्र बनर्जी की मूर्ति का अनावरण करने के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिवंगत नेता सुभाषचंद्र बनर्जी का अभूतपूर्व योगदान रहा है जिसे कि कभी नहीं भुलाया जा सकता है। उनकी तपस्या के कारण ही जनसंघ और यह पार्टी स्थापित हुई है जो कि आज पूरे विश्व में अपना मुकाम हासिल कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत सुभाषचंद्र बनर्जी ऐसे जनसंघ नेता रहे हैं जिनका पूरा परिवार पार्टी के लिए समर्पित रहा है। मेरा सौभाग्य कि मुझे ऐसे महान नेता की मूर्ति का अनावरण करने का मौका मिला है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वर्गीय सुभाष चंद्र बनर्जी की पत्नी और जबलपुर की पूर्व सांसद जय श्री बनर्जी से भी मुलाकात की। स्वर्गीय सुभाषचंद्र बनर्जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में भी लंबे समय तक काम किया है। 1967 में वे जबलपुर से लोकसभा का चुनाव भी लड़े थे, हालांकि उन्हें जीत हासिल नहीं हो पाई थी। स्वर्गीय सुभाषचंद्र बैनर्जी लगातार भारतीय जनसंघ और भाजपा में सक्रिय रहे। स्वर्गीय सुभाषचंद्र बनर्जी जबलपुर की पूर्व सांसद जय श्री बनर्जी के पति थे। 14 अगस्त 1921 को संस्कारधानी जबलपुर में जन्मे स्वर्गीय सुभाष चंद्र बनर्जी की शिक्षा क्रिश्चियन हाई स्कूल और तत्कालीन रॉबर्सन कॉलेज ( वर्तमान में महाकौशल कॉलेज) में हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page