जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

नर्मदा रिवर फ्रंट के बनने से जबलपुर को धार्मिक पर्यटन की पहचान मिलतीः तरुण भनोत

जबलपुर दर्पण। यह हमारा सौभाग्य है कि हमारा शहर पावन पुण्य सलिला माँ नर्मदा के किनारे बसा हैं | नर्मदा नदी न केवल हमारे लिए आस्था का केंद्र है बल्कि हमारे शहर के अधिकांश हिस्से में इसका जल जीवनदायनी भी है | नर्मदा नदी के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए कमलनाथ जी के नेतृत्व वाली कॉंग्रेस सरकार के दौरान नर्मदा नदी को कायाकल्प करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नर्मदा रिवर फ्रंट परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई थी और बजट वर्ष 2019-20 में परियोजना के लिए प्रारम्भिक रूप से वित्तीय प्रावधान भी किया गया था, किन्तु पिछले 20 वर्षों से प्रदेश भाजपा सरकार का जबलपुर और महकौशल के साथ भेदभाव और उपेक्षा के भाव के साथ काम करने और राजनैतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित भाजपा ने प्रदेश में अनैतिक रूप से हुए सत्ता परिवर्तन के बाद नर्मदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के साथ एक बार पुनः देखने को मिली हैं | उक्त आरोप प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक तरुण भनोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगाया है |
भनोत ने बताया कि साधु, संतों और नर्मदा नदी के प्रति आस्था रखने वाले लोगों की मांग पर तत्कालीन काँग्रेस की सरकार द्वारा नर्मदा रिवर फ्रंट को लेकर डीपीआर तैयार कारवाई गई थी और परियोजना के स्वीकृति उपरांत उनके वित्त मंत्री रहते हुए बजट में 10 करोड़ रुपये की प्रारम्भिक रूप से वित्तीय प्रावधान किया गया था | जबलपुर के 150-200 किमी की परिधि में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच नैशनल टाइगर रिजर्व के लिए देशभर से पर्यटकों का जबलपुर आना होता है, किन्तु ऐसे पर्यटकों के लिए जबलपुर को केवल रेल और वायु सेवा की कनेक्टिविटी के लिए ही उपयोग किया जाता है और पर्यटक जबलपुर आने के बाद सीधे सड़क मार्ग से अपने गंतव्य को निकल जाते है, जिससे जबलपुर को पर्यटनीय रूप से कोई खास लाभ नही मिल पाता और इसी को ध्यान में रखते हुए जबलपुर को नर्मदा रिवर फ्रंट के माध्यम से जबलपुर को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से बड़ी पहचान देने के लिए यह परियोजना लाई गई थी |
भनोत ने बताया कि नर्मदा रिवर फ्रंट के बनने से जहां एक तरफ देश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र में जबलपुर को एक नई पहचान मिलती वही इस परियोजना के पूरे होने से परोक्ष-अपरोक्ष रूप से शहर की बड़ी युवा आबादी को स्वरोजगार का साधन मिलता और शहर को आर्थिक रूप से फायदा होता जिससे शहर के अन्य विकास से संबंधित गतिविधियों को भी गति मिलता | उन्होंने बताया कि जनता के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत के साथ काँग्रेस की सरकार बनेगी और नर्मदा रिवर फ्रंट परियोजना को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और जबलपुर को देश में एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page