हितकारिणी विद्या परिषद अंतर विद्यालय और महाविद्यालय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन

जबलपुर दर्पण। हितकारिणी सभा और विद्या परिषद के संयुक्त तत्वावधान में अंतर विद्यालयीन और महाविद्यालयीन वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन रानीताल स्थित बैडमिंटन हॉल में किया गया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशासक कुलदीप बरार और विशिष्ट अतिथि जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी आशीष पांडे, राष्ट्रीय खेल संस्थान की बास्केटबॉल कोच पिंकी विधान, हितकारिणी सभा के वरिष्ठ सदस्य रमेश श्रीवास्तव और शिवदत्त मिश्रा थे। खिलाड़ियों से परिचय के साथ ही प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में आज के फायनल मैच में विद्यालय स्तर पर बालक वर्ग में हितकारिणी उ.मा.शाला देवताल ने एचसीए डुमना को 11-8, 11-6 से पराजित कर खिताब बरकरार रखा, जबकि बालिका वर्ग में बाबू मनमोहनदास हितकारिणी कन्या शाला दीक्षितपुरा ने 12-5, 11-9 से एचसीए डुमना को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।
दूसरी ओर महाविद्यालय स्तर पर हुए बैडमिंटन फायनल मैच के महिला वर्ग में हितकारिणी महिला कॉलेज ने हितकारिणी नर्सिंग कॉलेज को 11-8, 12-8 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पुरूष वर्ग में हितकारिणी डेंटल कॉलेज ने हितकारिणी इंजीनियरिंग कॉलेज को 11-6, 11-9 से पराजित कर विजेता बना। निर्णायक की भूमिका राजीव शर्मा, संजय पांडेय, प्रतुल श्रीवास्तव और प्रियंका नागर ने निभायी।
इस दौरान हितकारिणी सभा विद्या परिषद के उपाध्यक्ष इंद्रपाल जैन, सचिव जयेश राठौर, क्रीड़ा अधिकारी संजय सिंह राठौर, दिनेश सिंह ठाकुर, सी.एस. खंपरिया, संयोजक नरेश तिवारी, आदि उपस्थित रहे।



