महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने नेशनल वेटरन एथलेटिक चैंपियनशिप में जीते तीन गोल्ड, पुलिस अधीक्षक ने दी बधाई

जबलपुर दर्पण। जबलपुर पुलिस लाइन में तैनात महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उत्तर प्रदेश के अमेठी में आयोजित नेशनल वेटरन एथलेटिक चैंपियनशिप में रंजना ने शॉट पुट, हैमर थ्रो, और डिस्कस थ्रो स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते हैं।
रंजना शर्मा की इस उपलब्धि पर जबलपुर के पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय (भारतीय पुलिस सेवा) ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रंजना की यह सफलता पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य पुलिसकर्मियों और युवाओं को प्रेरणा देने वाली है।
रंजना की इस कामयाबी पर पुलिस विभाग के साथ-साथ उनके परिवार और दोस्तों में भी खुशी की लहर है। उनके इस जज़्बे और मेहनत की हर तरफ सराहना हो रही है।



