चित्रकूट के आरोग्यधाम में विशाल प्लास्टिक सर्जरी शिविर का 19 नबम्बर को होगा शुभारंभ, विदेशी डाक्टर्स देंगे सेवाएं
जबलपुर दर्पण। चित्रकूट/ दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के आरोग्यधाम द्वारा 19 से 24 नबम्बर तक विशाल प्लास्टिक सर्जरी शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में कटे-फटें होंठ, तालू एवं बर्न केसों की प्लास्टिक सर्जरी होगी। मरीजों का पंजीकरण आरोग्यधाम परिसर दन्त रोग निवारण विभाग के पंजीकरण पटल में नित्य किया जा रहा है। यह पंजीकरण 18 नबम्बर तक चलेगा। जिन मरीजों का पंजीयन होगा उन सभी की शिविर में निशुल्क सर्जरी की जाएगी।शिविर की जानकारी देते हुए आरोग्यधाम के दन्त चिकित्सा प्रभारी डाॅ वरूण गुप्ता ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कई देशों से ख्याति प्राप्त वरिष्ट प्लास्टिक सर्जन चित्रकूट आ रहे है। लंदन में अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ डेंटिस्ट एवं दीनदयाल शोध संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ नरेश शर्मा भी अपनी पूरी टीम के साथ शिविर में अपनी अमूल्य सेवाएं देने के लिए चित्रकूट पधार रहें है। चिकित्सको का यह दल शिविर में पंजीकृत रोगियों का 19 नबम्बर को स्वास्थ्य परीक्षण आरोग्यधाम दन्त रोग निवारण विभाग में करेगा। उसके उपरांत उन्हें भर्ती करके उपचार शुरू होगा।दीनदयाल शोध संस्थान ने चित्रकूट व सतना जनपद के आस पास के ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे उत्पीड़ित बच्चों एवं युवाओं को शिविर मे पहुँचाएँ जिससे उनको लाभ मिल सके।



