पौराणिक अद्भुत विद्या शोध संस्थान द्वारा किया जा रहा आयोजन

जबलपुर दर्पण। पौराणिक अद्भुत विद्या शोध संस्थान द्वारा धर्म जागरण व मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए धर्म संकल्प पद यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का नेतृत्व पौराणिक पथ संस्थान के संस्थापक स्वामी आकर्षण महाराज करेंगे। जिनका प्रमुख उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को धर्म से जोडना हैं, जो धर्म जागरण, संस्कृति संरक्षण, संवर्धन का कार्य कर सकें और धर्म संकल्प पद यात्रा का संकल्प लेकर सनातन धर्म को अखंड स्थापित करें। इस संबंध में आयोजकों ने पत्रवार्ता में जानकारी दी।
पत्रवार्ता में जानकारी देते हुए संस्था के संस्थापक स्वामी आकर्षण महाराज ने बताया कि पद यात्रा में रखे जाने वाला एक-एक पग, यात्रा में एक-एक यज्ञ के बराबर है, यह भक्तों की सभी इच्छाओं को पूर्ण करने वाली यात्रा है, जिसके अनेकों प्रमाण वेदों में वर्णित हैं, चाहे वो वैवाहिक जीवन से हो, व्यापार, कार्यक्षेत्र, संतान प्राप्ति कि चाहना हो, जो यह पद यात्रा करेगा, निश्चित ही उसकी सभी इच्छा को श्री सिद्धेश्वर भगवान पूर्ण करेंगे, जो भी इस धर्म संकल्प पद यात्रा में धर्म ध्वजा को लेकर चलेगा, उसका तथा उसके संपूर्ण परिवार का कल्याण होना सुनिश्चित हैं।
इन मार्गों से होते हुए निकलेगी यात्रा- पद यात्रा के संदर्भ में पत्रवार्ता के दौरान शरद विश्वकर्मा, रंजीत विश्वकर्मा, जितेन्द्र श्रीवास, कान्हा परिहार, दिलीप पारोहा, दीपक अग्रहरि, सचिन पांडे, आशीष श्रीवास्तव, प्रशस्त विश्वकर्मा, सुमित सिंह चौहान, अंकित चौरसिया, अंकित पाठक आदि ने बताया कि यह यात्रा ग्वारीघाट से 07 फ रवरी प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होगी, जो कि 12 फ रवरी को मैहर में माँ शारदा देवी के दर्शन पश्चात् यात्रा का समापन होगी। यह यात्रा ग्वारीघाट जबलपुर से प्रारंभ होकर, रामपुर चौक, बस स्टैंड, मालवीय चौक, रानीताल चौक, आगा चौक, दमोहनाका, गोहलपुर होते हुए, खजरी खिरिया पुरैना, मझौली, सिहोरा, स्लीमनाबाद से कटनी से होते हुए मां शारदा देवी मैहर में संपन्न होगी। जिसमें रास्ते में संत, महंत के सानिध्य के साथ नर्मदा भक्तों, सिद्ध भक्तों की टोलियां अपने परिवार के कल्याण के लिए बड़ी संख्या में निकल रही हैं।



