18 स्टार्टअप्स को भारत सरकार की उच्च स्तरीय चयन समिति ने वित्तीय अनुदान हेतु किया चयन

जबलपुर दर्पण। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा की प्रेरणा से विश्वविद्यालय विकसित भारत 2047 की ओर अग्रसर हैं और लक्षित प्रोग्राम के तहत ग्रामीण क्षेत्र में लघु अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ एवं स्थानीय रोजगार को वृद्धि हेतु स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर रही हैं। इस दौरान कृषि व्यवसाय प्रबंधन संस्थान जबलपुर के 5 वीं बैच के 28 प्रशिक्षित स्टार्टअप्स में से 18 स्टार्टअप्स को भारत सरकार की उच्च स्तरीय चयन समिति ने ग्रांट इन ऐड (वित्तीय अनुदान ) हेतु चयन किया गया। संस्था की इस वर्ष सफलता का 64 प्रतिशत रहा। चयनित स्टार्टअप्स हेतु कुल अनुदान लगभग 1.5 करोड़ हैं। चयनित स्टार्टअप्स में से मध्य प्रदेश के 13, महाराष्ट्र के 3 एवं छत्तीसगढ़ के 2 स्टार्टअप्स हैं। इस बैच में चार महिला स्टार्टअप्स हैं। जिनका चयनित प्रतिशत 22 प्रतिशत रहा हैं। सभी चयनित स्टार्टअप्स को कुलपति महोदय ने अपनी शुभकामनाएं दी ।
इस दौरान चयनित स्टार्टअप एहसान अली ने कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा से मुलाकात की और गुग्गल के बने उत्पाद उन्हें भेंट किये। कुलपति डॉ. पी. के. मिश्रा स्टार्टअप एहसान अली को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाकर गुग्गल से बने उत्पादों को सप्लाई चैन से जोड़ने की सलाह दी । इस कार्यक्रम में संस्था के निदेशक डॉ. मोनी थॉमस, डॉ लवीना शर्मा, श्रीमति लक्ष्मी सिंह, डॉ. दीपक पाल, दीपांशु पटेल, लवकेश पटेल एवं जय कुमार वर्मा की उल्लेखनीय भूमिका रही ।



