रमजान शरीफ के पहले जुमा पर दुआ के हाथ उठे

जबलपुर दर्पण। पाक माह रमजान शरीफ के पहले जुमा पर आज मस्जिदों में दुआओं के हाथ उठे। अल्लाह से लौ लगाने हर रूह बेताब थी, तो वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा के मद्देनजर मुस्तैद था, निगम प्रशासन ने मस्जिदों सहित मुस्लिम क्षेत्रों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं कीं थीं, इस मौके पर शहर की 100 से ज्यादा मस्जिदों व नमाजगाहो में दोपहर डेढ़ बजे जुमा की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के पूर्व इमाम साहब खुत्बा पढ़ेंगे तथा नमाजोपरान्त दुआएं मांगी जाएगी। अफ्तार ए आम उर्स सैय्यदा फातमा सलामुल्लहा अलेह के मौके पर हजरत सूफी सय्यद गुल बाबा अशरफी के बाफैजे रूहानी में मंडी मदार टेकरी समीपस्थ अशरफ नगर में विशाल अफ्तार ए आम का एहतेमाम किया गया, हजरत सैय्यद फहीम अशरफ जिलानी की सरपरस्ती में आयोजित अफ्तार ए आम में हजारों मुस्लिम बंधुओ ने शिरकत की। सांय मगरिब की अजान बुलंद होते ही हजारों की तादाद में लोगों ने एक साथ अफ्तार किया, रोजा अफ्तार के बाद सामूहिक मगरिब की नमाज अदा की गई। नमाजोपरान्त मुल्क की तरक्की खुशहाली की खास दुआएं मांगी गई, रात्रि में तरावीह की नमाज के बाद सूफी सैय्यद गुल अशरफी कयामगाह में महफिलें सिमा का आयोजन किया गया। जिसमें कव्वाल ने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम पेश किए, अकीदतमंदो ने सैय्यदा फातमा जहरा के कलाम पर दिल खोलकर नजराना पेश किया। देर रात्रि कुल शरीफ की फातिहा के बाद उर्स का समापन हुआ। गौसे किछोछा एकेडमी के सदर फारुख अशरफी, सेकेट्री अधिवक्ता आलमगीर अशरफी चौधरी, शाकिर अशरफी, मुनव्वंहुसैन आदि ने अफ्तार ए आम एव उर्स में शिरकत किये तमाम लोगों का शुक्रिया अदा किया।



