जरूरतमंदो को अनाज वितरित कर दी राजीव जी को श्रद्धांजलि

मण्डला। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न जनमुखी नेता स्व राजीव गांधी जी की 29 वी पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया गया। बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायत भवन घुघरी में स्व राजीव गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया और दीपक जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक श्री पट्टा ने कहा कि स्व राजीव जी ने देश को विकास की एक नई गति दी थी, उन्होंने देश मे संचार क्रांति की शुरुआत कर विश्व के विकसित देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए देश को दिशा दी थी। महिलाओं को आरक्षण से लेकर युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार देकर उन्होंने युवा भारत का स्वप्न साकार किया था। वो गरीब और आर्थिक पिछड़े लोगों तक सीधे तौर पर सरकारी मदद पहुंचाने के पक्षधर थे और उन्ही की सोच का नतीजा है कि आज नागरिकजनों को सीधे तौर पर सरकारी सहायता मिलती है। विकसित भारत युवा भारत के वास्तविक निर्माता थे राजीव जी। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात विधायक श्री पट्टा ने जरूरतमंद नागरिकों को अनाज वितरित कर स्व राजीव जी को वास्तविक श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अरविंद कुशराम, नेतराम साहू, अरविंद शर्मा, देवेंद्र दीक्षित, संजू पटेल, गीता मरावी, रुकमणी सोनवानी, अरविंद झारिया, अर्पित उइके, पंकज झारिया सहित काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।



