जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

शासकीय महाविद्यालय बरगी में आयोजित रोजगार अवसर मेला

जबलपुर दर्पण । शासकीय महाविद्यालय बरगी में विधायक नीरज सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं प्राचार्य प्रो. पदमा महेश्वरी की अध्यक्षता में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीएम एक्सीलेंस अग्रणी महाविद्यालय के संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ला, जिला रोजगार अधिकारी एम. एस. मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गोटिया, मंडल अध्यक्ष किशोर सिंह ठाकुर, जन भागीदारी अध्यक्ष अनिल मिश्रा, और जन भागीदारी समिति के सदस्य राकेश अवधिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस मेले में 15 कंपनियों ने भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप महाविद्यालय के 276 विद्यार्थियों का रोजगार हेतु प्रारंभिक चयन किया गया। विधायक नीरज सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें कैंपस सिलेक्शन के लिए स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान देना चाहिए और संचार कौशल में दक्ष होना चाहिए। उन्होंने व्यक्तित्व विकास को केरियर में सफलता का महत्वपूर्ण पहलू बताया और खेल गतिविधियों में भागीदारी की भी सराहना की। जन भागीदारी अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने महाविद्यालय की समस्याओं का उल्लेख करते हुए विधायक का ध्यान आकर्षित किया। इस रोजगार मेला ने विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों से प्रशिक्षण प्राप्त करने के अवसर प्रदान किए, जिससे उनके भविष्य की संभावनाएं उज्जवल हो सकें। कैरियर फेयर में प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें शिव शक्ति बायोटेक, प्रगतिशील बायोटेक, डॉ. रेड्डी फाउंडेशन, संपूर्ण सॉल्यूशन, स्टार किंग, उत्कर्ष माइक्रो फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम, और नेशनल करियर सर्विस सेंटर फॉर एससी एसटी शामिल थीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यंजनों के स्टाल लगाए, जिससे उन्हें व्यावसायिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। स्वामी विवेकानंद करियर प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अमिता सिंह ने प्राचार्य डॉ. पदमा महेश्वरी के निर्देशन में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page