जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

दोहरीकरण लाइन पर 125 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल किया

जबलपुर । औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े रेल लाइन परियोजनाओं को पश्चिम मध्य रेल अधोसरंचना निर्माण कार्य को गति प्रदान कर रहा है। पश्चिम मध्य रेल, कोटा मंडल के बीना-कोटा रेल खंड पर छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी स्टेशन के मध्य 22 किलोमीटर दोहरीकरण कार्य का रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य वृत मुंबई मनोज अरोरा द्वारा निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय से प्रमुख विभागाध्यक्ष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एवं मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और इंजीनियरिंग, परिचालन, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने इस रेलखंड पर संरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े ट्रैक, ब्रिजों, स्टेशन, संसाधनों, ओएचई लाइन, सम्बद्ध उपकरण तथा सिगनलिंग आदि का निरीक्षण किया और उनके कार्य क्षमता को परखा। इस रेलखण्डों पर सभी प्रकार के रेलवे मापदंडों के अनुसार निर्माण कार्य किया गया है। छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी रेलखण्ड पर 03 रेलवे स्टेशनों छबड़ा गुगोर, भूलोन एवं मोतीपुरा चौकी का भी संरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया। छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी के मध्य रेलखण्ड पर 01 मेजर ब्रिज, 25 छोटे ब्रिज, 08 कर्व और 03 समपार फाटक का निर्माण कार्य किया गया है। इस दौरान छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी के मध्य दोहरीकरण लाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया।
पमरे ने वर्ष 22-23 में दोहरीकरण एवं तिहरीकरण का कुल 29 किमी और वर्ष 21-22 में दोहरीकरण एवं तिहरीकरण का कुल 179 किमी का कार्य पूर्ण किया है। पूर्ण किये गए कार्यो की प्रगति इस प्रकार है।

बीना से कोटा सेक्शन में अशोकनगर से ओर 13 किमी, भौरां से बिजोरा 26 किमी, बीना से कंजिया तक 20 किमी, रुठियाई से मोतीपुरा चैकी 17 किमी, बिजोरा से बारां 13 किमी, ओर से पिपरईगांव 14 किमी एवं छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी 22 किमी तक सहित कुल 125 किमी दोहरीकरण का कार्य पूर्ण किया गया।

कटनी से सिंगरौली सेक्शन मे न्यू कटनी जंक्शन से कटंगिखुर्द तक 08 किमी, देवराग्राम से मझौली तक 08 किमी एवं सलहना से खन्ना बंजारी 21 किमी तक कुल 37 किमी दोहरीकरण का कार्य पूर्ण किया गया।

रीवा से सतना सेक्शन में सकरिया-कैमा तक 06 किमी दोहरीकरण का कार्य पूर्ण किया गया।

कटनी से बीना तिहरीकरण परियोजनाओं के अंतर्गत कार्य में हरदुआ से रीठी 15 किमी, मालखेड़ी से खुरई 18 किमी एवं सागर से मकरोनिया 07 किमी तक कुल 40 किमी तिहरीकरण का कार्य पूर्ण किया गया।
कार्य की गुणवत्ता एवं स्पीड ट्रायल पर रेल संरक्षा आयुक्त ने संतुष्टि व्यक्त की। इस रेलखण्ड के कमीशन होते ही गाड़ियों का परिचालन शुरू हो जाएगा। दोहरीकरण होने से गाड़ियों की रफ्तार बढ़ेगी और इस क्षेत्र का आर्थिक विकास भी होगा। छबड़ा गुगोर से मोतीपुरा चौकी रेलखण्डों का दोहरीकरण हो जाने से गाड़ियों की गति बढ़ेगी और मालगाड़ियों के परिचालन में सुगमता आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page