गुरुनानक देव का विश्व बंधुत्व का पावन संदेश लेकर निकला भव्य नगर कीर्तन
जबलपुर दर्पण। अपनी पद यात्राओं से इंसानी भाईचारा, विश्व बंधुत्व, समरसता, और विश्व शांति का इलाही पैगाम देकर समग्र विश्व में भारतीय अध्यात्म की अलख जगाने वाले जगतगुरू नानक देव जी के 555 वें प्रकाशोत्सव गुरुपर्व के अवसर पर आज नगर के सिख समाज द्वारा सामूहिक तौर पर गुरुद्वारा गोरखपुर से भव्य और प्रेरक नगर कीर्तन निकाला गया। नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करता हुआ यह नगर कीर्तन जब गुरुनानकस्थली गुरुद्वारा मढ़ाताल में संपन्न हुआ तब उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुक्ताकाश से पुष्प वर्षा कर जोरदार अभिनन्दन किया और कीर्तन दरबार के साथ ही गुरु का लंगर लगाकर कार सेवा की । मुख्य आकर्षण का केंद्र, स्वर्णिम आभा से युक्त पुष्प सज्जित आकर्षक स्वर्णरथ में पालकी में स्थापित शब्दावतार साहिब श्री गुरुग्रंथसाहिब जी का पवित्र प्रकाश किया गया था, जिसके समक्ष श्रद्धालुगण मिष्ठान और बताशे के थाल के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर माथा टेक कर आशीर्वाद ग्रहण कर रहे थे। पंथ के पंज प्यारों की अगुआई में समस्त गुरुद्वारों के शबद कीर्तन करते स्त्री पुरुषों के समूह और बैंड दल फिजा को पूर्णतः भक्तिमय बना रहे थे। गुरु गोबिंद सिंह विद्यालय, कैंट खालसा,गुरु रामदास महाविद्यालय एवं माता गुरु महिला महा विद्यालय आदि के छात्रगण, एन सी सी दल, गतका दल,बाल पंज प्यारे, बड़ी संख्या में गुरुनानक वाणी के सर्व धर्म समभाव से ओतप्रोत बैनर झंडे और गुरुनानक लीला को प्रदर्शित करतीं झांकियां लेकर चल रहे थे। विभिन्न व्यापारी संघों और समितियों द्वारा भंडारे एवं मिष्ठान वितरण कर भावभीना स्वागत किया गया। जबलपुर सिख संगत के अध्यक्ष हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पार्षद जय लक्ष्मी चक्रवर्ती, काके लवलीन आनन्द, कुंवरपाल सिंह शेरू, सहित अनेक जन प्रतिनिधि एवं गणमान्य जन शामिल हुए । प्रधानसाहब प्रताप सिंह विरदी ने साध संगत एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। 14 एवं 15
नवम्बर को प्रकाशोत्सव गुरुपर्व धूमधाम से मनाया जाएगा जिसमें देश के अनेक नामचीन रागी जत्थे एवं गुरुवाणी
मीमांसक विद्वतजन शिरकत करेंगे ।



