जबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

जाकिर हुसैन वार्ड में रात के समय अव्यवस्था और समस्याओं की बढ़ती स्थिति

जबलपुर दर्पण। जाकिर हुसैन वार्ड में रात के समय होटलों और अन्य दुकानों का संचालन जारी रहता है, जिसमें नई बस्ती लंगर कमेटी क्षेत्र के कई व्यापारिक प्रतिष्ठान देर रात तक खुले रहते हैं। इस कारण इलाके में शांति बनाए रखना मुश्किल हो जाता है और वहां के निवासी परेशान हो रहे हैं। यहां के निवासी बताते हैं कि रात भर चलने वाली इन दुकानों और होटलों के कारण घरों में शांति नहीं रहती और आवागमन में भी दिक्कतें आती हैं।

जिन दुकानदारों और होटल संचालकों के लिए यह देर रात तक व्यापार करने का एक जरिया है, वहीं निवासियों के लिए यह परेशानी का कारण बन गया है। तेज रफ्तार में गाड़ियों का आना-जाना, हॉर्न का तेज बजना और रातभर चलने वाली आवाजें इस क्षेत्र के माहौल को खराब कर रही हैं। इसके अलावा, गाली-गलौज और झगड़े की घटनाएं लगातार होती रहती हैं, जिससे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

कुछ वर्षों में यहां दो बड़े अपराध भी हो चुके हैं, जिससे और भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग बताते हैं कि शिकायत करने पर पुलिस कुछ दिनों तक दबिश देती है, लेकिन बाद में मामला ठंडा पड़ जाता है। यहां तक कि जब कोई मामला गंभीर होता है और शिकायत की जाती है तो नेताओं का हस्तक्षेप भी होता है, जिससे आरोपी आसानी से बच जाते हैं।

रात 7 बजे के बाद महिलाओं का बाहर जाना असुरक्षित महसूस होता है। बच्चों को पढ़ाई में भी दिक्कत होती है क्योंकि होटलों में तेज आवाज में टीवी और दुकानों में स्पीकर बजते रहते हैं। गाड़ियों की तेज रफ्तार और बिना सोचे-समझे खड़ी गाड़ियाँ इस बात का कारण बनती हैं कि अगर किसी को इमरजेंसी में बाहर जाना हो तो रास्ता भी नहीं मिल पाता।

स्थानीय लोग इस बात से भी परेशान हैं कि यहां की स्थितियां दिन-ब-दिन और भी खराब होती जा रही हैं। शिकायतें की जाती हैं, लेकिन प्रशासनिक कार्यवाही बहुत कम होती है। इलाके में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। निवासियों का मानना है कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page