क्या हो जब रक्षक ही बन जाए भक्षक?

कुशवाहा युवा संघ ने पीड़ितों के पक्ष में उठाई आवाज।
जबलपुर। भले ही तुम्हारे हाथों में ताकत हो रिवाल्वर हो। तुम्हारे साथ अधिकारों की ताकत हो लेकिन इसके बावजूद इस बात को कभी नहीं भूलना चाहिए आप हमें से एक हो और हमारी रक्षा के लिए हो लेकिन अगर किसी निर्दोष व्यक्ति पर थाना प्रभारी द्वारा सर्विस रिवाल्वर से थाने के भीतर ही गोली मार दी जाएं तो इससे ज्यादा ह्रदय विदारक घटना और क्या होगी।
यह घटना पुलिस की कार्यशैली पर एक ऐसा प्रश्न चिन्ह है जिसका जवाब पुलिस को देना ही होगा।
कुछ ऐसे आक्रोशित स्वर मुखर तब हुए जब कलेक्ट्रेट परिसर में कुशवाहा युवा संघ ने सतना में घटी हृदय विदारक घटना के विरोध ज्ञापन प्रस्तुत किया। सतना के शिवपुर थाने के अंदर 28 सितंबर को थाना प्रभारी विक्रम पाठक द्वारा पूछताछ के लिए लाए गए राष्ट्रपति कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटनाक्रम जितना अविश्वसनीय और आश्चर्यजनक है विडंबना यह है कि, उतना ही दुखद भी है।
मामले की जांच हो,दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो, ना केवल बर्खास्तगी हो बल्कि किए गए अपराध कि कानूनन सजा भी हो, साथ ही पीड़ितों को एक करोड़ का मुआवजा मिले और उनके परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी, इस तरह की मांग को लेकर कुशवाहा युवा संघ जबलपुर इकाई ने डिप्टी कलेक्टर दीपाश्री गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में रविंद्र कुशवाहा, राम भजन कुशवाहा, अजय कुशवाहा, इंद्रजीत कुशवाहा, देवकी पटेल, नंदलाल कुशवाहा, रजनी कुशवाहा, अंकुर पटेल, शुभम कुशवाहा, रवि कुशवाहा उपस्थित रहे।



